असम के डिबालोंग स्टेशन पर अगरतला-लोकमान्य तिलक एक्सप्रेस के आठ डिब्बे पटरी से उतरे
Eight coaches of Agartala-Lokmanya Tilak Express derailed at Dibalong station in Assam

गुवाहाटी/एजेंसी। असम के डिबालोंग स्टेशन पर अगरतला-लोकमान्य तिलक एक्सप्रेस के आठ डिब्बे पटरी से उतरने की घटना सामने आई है। असम के दीमा हसाओ जिले में अगरतला-लोकमान्य टर्मिनस एक्सप्रेस के आठ डिब्बे प्रभावित हुए हैं। शुरुआती जानकारी में अभी तक किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। जानकारी के अनुसार यह घटना दोपहर करीब 3:55 बजे हुई। यह ट्रेन मुंबई जा रही थी।
भारतीय रेलवे के एक प्रवक्ता ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा है कि अगरतला-लोकमान्य तिलक एक्सप्रेस दोपहर करीब 3:55 बजे असम के डिबालोंग स्टेशन पर पटरी से उतर गई। रेलवे के एक प्रवक्ता के अनुसार यह घटना असम के दीमा हसाओ जिले में हुई। इस घटना पर असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा की प्रतिक्रिया भी सामने आई है।
सरमा ने एक्स पर लिखा है कि ट्रेन 12520 अगरतला-एलटीटी एक्सप्रेस के 8 डिब्बे गुरुवार शाम 15:55 बजे लुमडिंग के पास डिबालोंग स्टेशन पर पटरी से उतर गए। वहां पर जानमाल का कोई नुकसान नहीं हुआ है। सभी यात्री सुरक्षित हैं। सरमा ने लिखा है कि हम रेलवे अधिकारियों के साथ समन्वय कर रहे हैं और राहत ट्रेन शीघ्र ही घटनास्थल पर पहुंचेगी। लुमडिंग हादसे में 03674 263120, 03674 263126 हेल्पलाइन नंबर जारी किए गए हैं।




