दो राज्यों में एक व्यक्ति के दो मृत्यु प्रमाण पत्र, नौकरी के लिए गजब धोखाधड़ी

हापुड़/उत्तर प्रदेश। हापुड़ जिले से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां हापुड़ नगर पालिका द्वारा उत्तराखंड सरकार के एक कर्मचारी अरुण कुमार वर्मा का फर्जी मृत्यु प्रमाण पत्र जारी किया गया। यह मामला फिल्मी कहानी की तरह उलझा हुआ है, जिसमें एक ही व्यक्ति के दो अलग-अलग राज्यों से मृत्यु प्रमाण पत्र जारी होने की बात सामने आई है। इस धोखाधड़ी के पीछे ग्रेच्युटी और मृतक आश्रित लाभ हड़पने की साजिश का आरोप है। हापुड़ पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
उत्तराखंड के चमोली जिले के जोशीमठ की निवासी चंद्रकला ने शिकायत दर्ज की कि उनकी शादी 18 नवंबर 2005 को अरुण कुमार वर्मा से हुई थी, जिनके साथ उनके तीन बच्चे हैं। अरुण उत्तराखंड स्वास्थ्य विभाग में सरकारी कर्मचारी थे। 1 जून 2024 को स्वास्थ्य खराब होने के कारण उनकी मृत्यु करणप्रयाग के सरकारी अस्पताल में हो गई। चंद्रकला ने 19 जून 2024 को उत्तराखंड सरकार से मृत्यु प्रमाण पत्र प्राप्त किया, जिसमें मृत्यु का स्थान करणप्रयाग, चमोली दर्ज है।हैरानी की बात यह है कि एक महीने बाद, 19 जुलाई 2024 को हापुड़ नगर पालिका ने उसी व्यक्ति का एक और मृत्यु प्रमाण पत्र जारी कर दिया, जिसमें मृत्यु का स्थान हापुड़ बताया गया। चंद्रकला का आरोप है कि हापुड़ निवासी एक अन्य महिला ने फर्जी दस्तावेजों के आधार पर खुद को अरुण की पत्नी बताकर ग्रेच्युटी और मृतक आश्रित लाभ हड़पने की कोशिश की। इस फर्जीवाड़े का खुलासा तब हुआ, जब चंद्रकला ने संबंधित विभाग में लाभ के लिए आवेदन किया और उन्हें पता चला कि कोई अन्य महिला पहले ही दावा कर चुकी है।
हापुड़ पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी है। एडिशनल एसपी विनीत भटनागर ने बताया कि चंद्रकला ने एक प्रार्थना पत्र देकर आरोप लगाया है कि उनके पति का फर्जी मृत्यु प्रमाण पत्र हापुड़ में बनवाया गया। यह विवाद दो महिलाओं के बीच है, जो दोनों खुद को अरुण की पत्नी बता रही हैं। पुलिस प्रारंभिक जांच कर रही है और यदि अपराध की पुष्टि होती है, तो संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का कहना है कि दो अलग-अलग राज्यों से जारी मृत्यु प्रमाण पत्रों की सत्यता की जांच की जा रही है। यदि फर्जीवाड़ा सिद्ध होता है, तो सुसंगत धाराओं में कार्रवाई होगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button