चार साल के जुड़वा बच्चों के पेट में भर दी कंप्रेसर से हवा, मजाक से मुश्किल में फंसी मासूमों की जान

दिल्ली ब्यूरो। वेस्ट डिस्ट्रिक्ट के हरिनगर इलाके में दूर के रिश्ते में मामा लगने वाले व्यक्ति ने मजाक-मजाक में चार साल के जुड़वा बच्चों के पेट में कंप्रेसर की पाइप से हवा भर दी। पेट में दर्द होने और खून निकलने के बाद परिजन बच्चों को पास के अस्पताल में लेकर गए। जहां से उन्हें लोकनायक अस्पताल में रेफर कर दिया गया है। अस्पताल से शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने पीड़ित बच्चों के पिता के बयान पर केस दर्ज कर लिया है। पुलिस आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, पप्पू कुमार परिवार के साथ गोपाल नगर, फतेह नगर में रहते हैं। परिवार में पत्नी और चार साल के दो जुड़वा बच्चे हैं। वह इलाके में टेंट हाउस में काम करते हैं। पुलिस को दी शिकायत में पीड़ित ने बताया कि इसी मकान में उनके दूर के रिश्ते के मामा रंजीत रहते हैं। पीड़ित के अनुसार, 14 जून को वह अपने घर में मौजूद थे। सुबह दस बजे बच्चे रंजीत के कमरे में खेलने गए। कुछ देर बाद दोनों बच्चे रोते हुए कमरे पर आ गए। रोने का कारण पूछने पर उन्होंने बताया कि रंजीत ने पाइप से उनके मलद्वार के जरिए पेट में हवा भर दी है।
‘मामा’ पर कंप्रेसर पाइप से हवा भरने का आरोप
दोनों बच्चे शौचालय जाने की बात कहने लगे। इस दौरान देखा कि उनके पेट से खून निकल रहा है। वह अपने मामा के पास गए। पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि मजाक में उसने कंप्रेसर की पाइप से बच्चों के पेट में हवा भर दी है। उसके बाद पिता बच्चों को लेकर अस्पताल पहुंचे, जहां से डॉक्टरों ने उन्हें लोकनायक अस्पताल रेफर कर दिया। अस्पताल से पुलिस को घटना की जानकारी मिली। इस दौरान पीड़ित ने पुलिस को बयान नहीं दिया। 16 जून को बच्चों को अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद पीड़ित ने पुलिस को बयान दिया।




