गाजियाबाद में देश का पहला एआई आधारित आंगनबाड़ी केंद्र शुरू, राज्यपाल ने दिया संदेश
Country's first AI based Anganwadi centre started in Ghaziabad, Governor gave message

गाजियाबाद। उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में देश के पहले आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) आंगनबाड़ी केंद्र की शुरुआत हुई है। मुरादनगर इलाके में इस केंद्र को शुरू किया गया है। देश के पहले अनूठे एआई आंगनबाड़ी केंद्र की शुरुआत रविवार को गांव मोरटी में रोटरी इंटरनेशनल डिस्ट्रिक्ट 3012 की ओर से आयोजित एक कार्यक्रम में की गई। इसका शुभारंभ राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने किया। उन्होंने आंगनबाड़ी केंद्रों पर किट भी वितरित कीं। राज्यपाल ने कहा कि एआई आंगनबाड़ी से बच्चों को और बेहतर शिक्षा और जानकारी मिलेगी।
राज्यपाल ने कहा कि शिक्षा ऐसी होनी चाहिए, जिसे बच्चे समझ सकें, सिर्फ रटा-रटाया ज्ञान न हो। बच्चों को समझ आना चाहिए कि वह क्या लिख रहा है, क्या बोल रहा है। उसे शिक्षा के साथ-साथ संस्कृति और सभ्यता का भी ज्ञान होना चाहिए। उन्होंने कहा कि वर्तमान में बच्चों के साथ-साथ महिलाएं भी कुपोषित हैं। जब माताएं सशक्त बनेंगी, तो बच्चे भी सशक्त बनेंगे, तभी देश सशक्त बनेगा। जेलों में महिलाओं से संबंधित अपराधों में 80 प्रतिशत कैदी दहेज के मामलों के हैं। हमें चाहिए कि हम ऐसे समाज का निर्माण करें, जहां अपराध के लिए कोई जगह न हो।
डीएम इंद्र विक्रम सिंह ने बताया कि जिले में कुल 1371 आंगनबाड़ी केंद्र हैं, जिसमें 866 शहरी और 505 ग्रामीण क्षेत्र में हैं। इनमें 3 से 6 वर्ष के कुल 41,318 बच्चे हैं। इनमें 20,795 बालक और 20,523 बालिकाएं हैं। आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों के समग्र विकास को ध्यान में रखकर कार्यक्रम चलाए रहे हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि एआई आधारित तकनीक से आंगनबाड़ी केंद्रों की सूरत बदलेगी। इस मौके पर जिले के अधिकारियों के साथ विधायक और मेयर भी मौजूद रहे।




