हरनंदीपुरम के नाम से बसाया जाएगा नया गाजियाबाद, जीडीए की बोर्ड बैठक में लिया गया फैसला
New Ghaziabad will be named Harnandipuram, decision taken in GDA board meeting

गाजियाबाद। गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) की 165वीं बोर्ड बैठक सोमवार को मेरठ में मंडलायुक्त की अध्यक्षता में आयोजित हुई। इस बैठक में 24 प्रस्ताव रखे गए, जिन पर चर्चा के बाद सभी प्रस्ताव मंजूर कर लिए गए। सबसे अहम नया गाजियाबाद का प्रस्ताव रहा, जिसे हरनंदीपुरम के नाम से बसाने की स्वीकृति मिल गई है।
जीडीए ने राजनगर एक्सटेंशन के पास 541 हेक्टेयर से ज्यादा जमीन पर नया गाजियाबाद बसाने की योजना तैयार की है। इसमें छोटे-बड़े आवासीय, व्यवसायिक भूखंडों की योजना लाई जाएगी। रोड और रैपिड रेल नेटवर्क की नजदीकी को ध्यान में रखकर इस नए शहर को बसाने की योजना का खाका तैयार किया गया है।
इसके अलावा इंदिरापुरम विस्तार योजना के तहत ग्रुप हाउसिंग भूखंड संख्या 6, 7 व 8 की करीब 3 लाख वर्गमीटर जमीन पर एकल आवासीय योजना के तहत भूखंड नियोजित किए जाएंगे। 12 साल से वेवसिटी में घर का सपना देख रहे लोगों को बड़ी राहत मिली है। बोर्ड ने इसके संशोधित ले-आउट प्लान को मंजूरी दे दी है।




