हरदोई में सोशल मीडिया पर अवैध तमंचा लहराने वाले दो आरोपी गिरफ्तार

हरदोई/उत्तर प्रदेश। हरदोई में सोशल मीडिया पर अवैध असलहे के साथ वायरल फोटो के आधार पर पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक हरदोई के निर्देश पर अवैध शस्त्र रखने और उनके इस्तेमाल करने वालों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सांडी थाना पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। शनिवार को पुलिस ने दो ऐसे युवकों को गिरफ्तार किया है जिनकी तस्वीरें सोशल मीडिया पर अवैध तमंचे के साथ वायरल हुई थीं।पकड़े गए आरोपियों में राजवीर पुत्र जाहरे निवासी ग्राम धमरपुर थाना सवायजपुर और राखी सिंह पुत्री शिवकरन सिंह, निवासी ग्राम लाहौरियापुर थाना सांडी शामिल हैं। पुलिस के अनुसार इन दोनों आरोपियों पर सोशल मीडिया पर असलहा लहराने और अवैध हथियार रखने का आरोप है। गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने इनके पास से एक अदद तमंचा 12 बोर और एक जिंदा कारतूस बरामद किया।
इस कार्रवाई के संबंध में थाना सांडी पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ आवश्यक कानूनी धाराओं में मुकदमा पंजीकृत किया है। पुलिस का कहना है कि सोशल मीडिया पर हथियारों के साथ तस्वीरें डालना अपराध की श्रेणी में आता है और ऐसे लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।गिरफ्तारी की कार्रवाई उपनिरीक्षक सीमा सिंह के नेतृत्व में की गई।
टीम में कांस्टेबल रोकेश कुमार, कांस्टेबल रजन्द्र और मकसूद अंसारी शामिल रहे। पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर दबिश देकर दोनों युवकों को गिरफ्तार कर लिया।पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इस तरह की कार्रवाई से समाज में कानून-व्यवस्था के प्रति भरोसा मजबूत होगा और अपराध पर अंकुश लगेगा। साथ ही सोशल मीडिया पर अवैध गतिविधियों को बढ़ावा देने वालों के खिलाफ भी यह संदेश जाएगा कि पुलिस ऐसे मामलों में बिल्कुल ढील नहीं देगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button