गाजियाबाद की मशहूर बाजार तुराबनगर का नाम बदलकर हुआ सीता राम बाजार
Ghaziabad's famous Turabnagar market has been renamed as Sita Ram Bazaar

गाजियाबाद। तुराबनगर का नाम सीता राम बाजार करने पर व्यापारियों ने खुशी का इजहार किया है। शनिवार को व्यापारियों ने बाजार के बाहर बोर्ड लगा दिया और एक-दूसरे को मिठाई बांटी। निगम की शुक्रवार को हुई बोर्ड बैठक में पार्षद नीरज गोयल के नाम बदलने के प्रस्ताव को सदन ने मंजूरी दी थी। तुराबनगर व्यापार मंडल के चेयरमैन रजनीश बंसल ने बताया कि एक वर्ष पहले तुराबनगर बाजार का नाम सीता राम बाजार करने की मांग उठाई थी। व्यापारियों ने कहा कि यह बाजार लोगों के विश्वास का केंद्र है, जहां पर सिर्फ गाजियाबाद ही नही बल्कि आसपास के जिलों से भी लोग आते हैं। बाजार के आसपास में बालाजी मंदिर, पीपलेश्वर मंदिर, बसंती मंदिर आदि धार्मिक आस्था केंद्र हैं। परंतु बाजार में आने पर गलियों के कोई नाम न होने की वजह से जो गलियों में दुकानें है उनको ढूंढना मुश्किल हो जाता है।
उन्होंने बताया कि अंबेडकर मार्ग की तरफ से बाजार में आने पर बाईं तरफ की पहली गली का नाम राम गली, दूसरी गली का नाम लक्ष्मण गली, तीसरी गली का नाम भरत गली, चौथी गली की नाम शत्रुधन गली, पांचवीं गली का नाम हनुमान गली, छठी अर्जुन नगर की तरफ जाने वाली गली का नाम अर्जुन गली है। इसी प्रकार अंबेडकर मार्ग की तरफ से आने पर दाहिनी तरफ की पहली गली का नाम सीता गली, दूसरी गली का नाम कौशल्या गली, तीसरी गली का नाम सुमित्रा गली, चौथी गली का नाम युधिष्ठर मार्ग, रखने का प्रस्ताव किया गया है। इस मौके पर पार्षद नीरज गोयल, सचिन शर्मा, राजू छाबड़ा, लोकेश बंसल, कर्मवीर नागर, पारस, समीर, बलवीर आदि मौजूद रहे।




