यूपी पुलिस का अजब कारनामा, बुलंदशहर में मुर्दे पर रेप की एफआईआर दर्ज

बुलंदशहर,(उत्तर प्रदेश)। बुलंदशहर में अजीबोगरीब मामला सामने आया है। थाना आहार पुलिस ने मृत्यु के 20 साल बाद मृतक के खिलाफ रेप का मुकदमा दर्ज किया है। मृतक पिता और उनके 90 साल के बेटे समेत परिवार के 10 लोगों के खिलाफ रेप की धाराओं में एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस की मनमर्जी के खिलाफ पीड़ित परिवार मंगलवार को एसएसपी बुलंदशहर से मिला और न्याय की गुहार लगाई। एसएसपी ने न्याय का भरोसा दिया है।
घटना आहार थाना क्षेत्र के एक गांव की है। व्यक्ति ने एक ही परिवार के 10 लोगों के खिलाफ रेप और मारपीट की धाराओं में एफआईआर दर्ज कराई है। दर्ज एफआईआर में बताया गया है कि आहार थाना क्षेत्र निवासी पिंटू ने पीड़ित की बेटी को शादी का झांसा देकर दो वर्षों से शारीरिक शोषण कर रहा है। पीड़िता ने जब शादी करने की बात कही तो आरोपी पिंटू, उसके परिजन अजय, सोनू, महेश, राकेश, सुखपाल, थान सिंह और चार पांच अन्य अज्ञात उसके घर में घुस आए और पीड़िता और उनके परिजनों के साथ मारपीट की। शोर शराबा होने पर आरोपित हत्या की धमकी देते हुए फरार हो गए।
पीड़िता के पिता का आरोप है कि सभी आरोपियों को वह जानता भी है और पहचानता भी है। सभी आरोपियों के हाथ में लाठी-डंडे और धारदार हथियार थे। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने छह जून 2023 को आरोपी युवक और उसके सात परिजन, जिनमें लड़के के दो तहेरे भाई, एक सगा भाई, ताऊ, बाबा और परदादा के खिलाफ दुष्कर्म और घर में घुसकर मारपीट और हत्या की धमकी आदि गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया है। इसके साथ ही एसएसपी कार्यालय पहुंचे पीड़ितों ने बताया कि सुखबीर सिंह उनके परदादा हैं और 20 वर्ष पूर्व उनकी मृत्यु हो चुकी है।
इनके खिलाफ भी दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज करा दिया गया है। 90 साल के बुजुर्ग के खिलाफ भी दुष्कर्म के मुकदमे में नामजद किया गया है। हालांकि, पूरे मामले में बुलंदशहर एसएसपी श्लोक कुमार का कहना है कि थाना आहार में दुष्कर्म का एक मामला दर्ज हुआ है। इस मामले में जांच की जा रही है। जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उस पर कार्रवाई होगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button