मुंबई पुलिस के सीनियर इंस्पेक्टर बाबूराव देशमुख 1 लाख घूस लेते गिरफ्तार
महाराष्ट्र एसीबी ने घूस लेते रंगे हाथ पकड़ा

मुंबई/एजेंसी। महाराष्ट्र एंटी करप्शन ब्यूरो ने बड़ी कार्रवाई की है। मुंबई पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी को एक लाख रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) के मुताबिक, बाबूराव मधुकर देशमुख (उम्र 57) को एक लाख रुपए की रिश्वत लेते हुए पकड़ा गया है। वह मुंबई के शिवाजीनगर पुलिस स्टेशन के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक के तौर पर तैनात थे।
एसीबी के अधिकारी से मिली जानकारी के मुताबिक, शिकायतकर्ता एक शैक्षणिक ट्रस्ट का ट्रस्टी है। 15 अगस्त, 2024 को कुछ व्यक्तियों के समूह ने कथित तौर पर स्कूल का गेट तोड़ दिया। इसके बाद वे ट्रस्ट परिसर में जबरन घुस गए थे। ट्रस्टी ने मुंबई के शिवाजीनगर पुलिस स्टेशन और चैरिटी कमिश्नर में शिकायत दर्ज कराई थी।
इस मामले में शिकायतकर्ता की सहायता करने और चैरिटी कमिश्नर कार्यालय से अंतिम आदेश आने तक जबरदस्ती स्कूल परिसर में प्रवेश करने से रोकने के लिए देशमुख ने कथित तौर पर 3 लाख रुपए की रिश्वत मांगी थी।
एसीबी के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक बाबूराव देशमुख ने कथित तौर पर ट्रस्टी से 3 लाख रुपए की रिश्वत मांगी और बातचीत के बाद 2.5 लाख रुपए राशि तय हुई थी। देशमुख को 1 लाख रुपए की पहली किस्त लेते हुए पकड़ा गया। एसीबी की टीम ने उन्हें पकड़ने के लिए जाल बिछाया था और बाद में उन्हें रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया गया। फिलहाल इस मामले में एंटी करप्शन ब्यूरो ने आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।




