उत्तराखंड के उधमसिंह नगर में पकड़ा गया एक करोड़ रुपये का अफीम-डोडा, दो तस्कर गिरफ्तार

देहरादून/एजेंसी। ऊधम सिंह नगर पुलिस और एसटीएफ ने संयुक्त अभियान के तहत लोकसभा चुनाव के लिए लाई गई तीन कुंतल डोडा और साढ़े पांच किलो अफीम पकड़ी है। पकड़ी गए डोडा और अफीम की कीमत एक करोड़ पांच लाख रुपये से अधिक है। पुलिस ने दो नशा तस्करों को भी गिरफ्तार किया है। ऊधम सिंह नगर पुलिस चुनाव के मद्देनजर नशा तस्करों के विरूद्ध ताबड़तोड़ अभियान चला रही है। एसएसपी उधमसिंहनगर डॉ. मंजुनाथ टीसी पुलिस टीम के लिए इनाम की घोषणा की है।
थानाध्यक्ष पुलभट्टा और उनकी टीम बरेली रोड नेशनल ढाबा थाना पुलभट्टा के पास चैकिंग कर रहे थे। इसी दौरान एक कैंटर को पुलिस ने रोका। पुलिस को देखते ही कैंटर चालक ने भागने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने उसको पकड़ लिया। जब कैंटर की तलाशी ली गई तो उसमें 20 कट्टे रखे हुए थे। पुलिस ने कट्टों को खोल कर देखा तो उसमें डोडा और अफीम भरा हुआ था। पुलिस ने बलाका सिंह निवासी डलपुरा पो गुलरभोज थाना गदरपुर जिला ऊधम सिंह नगर और लवजीत सिंह निवासी गोलू टांडा थाना स्वार जिला रामपुर उत्तर प्रदेश को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि बलाका सिंह का साला नागेन्द्र सिंह जो भगवन्त नगर स्वार रामपुर में रहता है। पूर्व में अफीम तस्करी में बाजपुर थाने से जेल जा चुका है। बरामद किया गया कैंटर उसी का है। हम दोनों उसी के साथ मिलकर यह डोडा और अफीम कैंटर में कबाड़ आदि के बीच में छिपाकर रांची झारखंड से केलाखेडा बाजपुर क्षेत्र में बेचने के लिए ले जा रहे थे। बताया कि पूर्व में दिसंबर और जनवरी में हम लोग इसी कैंटर से एक-एक खेप ला चुके हैं। मुख्य आरोपी बलाका सिंह और सह आरोपी लवजीत सिंह के विरूद्ध थाना पुलभट्टा में बरामदगी के आधार पर मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस नागेन्द्र सिंह की भूमिका की जांच कर रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button