कार-बाइक और सामान फूंका, उत्तम नगर में हुए बवाल के बाद फोर्स तैनात

होली पर युवक की हत्या से दो समुदायों में तनाव

नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली में द्वारका के उत्तम नगर इलाके में होली के दिन पानी का गुब्बारा गिरने को लेकर हुआ विवाद खूनी खेल में बदल गया। इस खूनी संघर्ष में 26 साल के युवक तरुण की मौत हो गई। इससे पूरे इलाके में तनाव फैल गया। वहीं, गुस्साए लोगों ने आरोपी के घर के बाहर खड़ी एक कार, बाइक और अन्य सामान में आग लगा दी। उधर, बवाल बढ़ता देख दिल्ली पुलिस के आला अधिकारी हरकत में आ गए और मौके पर भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया।
जिला उपायुक्त कुशल पाल सिंह ने दोनों पक्ष के प्रतिनिधियों के साथ उपायुक्त कार्यालय में बैठक की। इस दौरान पीड़ित पक्ष को लोगों ने उपायुक्त के सामने अपनी मांगें रखीं, जिसमें मांग की गई है कि सीसीटीवी में दिख रहे सभी 10 से 15 लोगों की पहचान की जाए और उनकी जल्द से जल्द गिरफ्तारी हो।
पुलिस ने अब तक चार लोगों को गिरफ्तार किया है, और एक नाबालिग को हिरासत में लिया है। इसके अलावा आरोपियों पर हत्या की धारा के साथ ही उनके द्वारा हमले के दौरान एक बच्ची और महिला के साथ की गई बदसलूकी के लिए दोनों के बयान के आधार पर आरोपियों के खिलाफ पाक्सो एक्ट और छेड़छाड़ की धारा में मामला दर्ज किया जाय। यह भी मांग की गई कि सभी आरोपियों के खिलाफ एससी-एसटी एक्ट में भी मामाला दर्ज हो और कार्रवाई हो। पुलिस अधिकारी ने सभी को जल्द कानूनी कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
शाम करीब पांच बजे घटना का विरोध कर रहे लोगों की भीड़ उत्तम नगर मेट्रो पूर्व के नीचे जमा होने लगी थी। पांच बजे के बाद लोगों की संख्या सैकड़ों में पहुंच गई और लोगों ने नजफगढ़ मार्ग को दोनों ओर से जनकपुरी की ओर और द्वारका की ओर जाने वाले लेन को जाम कर दिया। वहीं, मौके पर भारी संख्या में पुलिस बल के होने और मौजूद पुलिस अधिकारियों द्वारा लोगों को समझाए जाने के बावजूद उन पर कोई असर नहीं हो रहा था। करीब आधे घंटे बाद काफी समझाने पर लोग सड़क से हटकर उत्तम नगर थाने के सामने पहुंच इकट्ठा हो गए। जहां देर रात तक लोग जमा थे।
जानकारी के अनुसार, होली के दिन बुधवार शाम करीब चार बजे जेजे कॉलोनी में एक घर की बालकनी से पानी का गुब्बारा फिसल गया। गुब्बारा नीचे खड़ी दूसरे समुदाय की एक महिला पर जा गिरा। परिवार वालों का कहना है कि लड़की और उसके परिवार वालों ने तुरंत माफी मांगी, लेकिन महिला ने गाली-गलौज की और तुरंत अपने समुदाय के कई लोगों को इकट्ठा कर लिया। इसके बाद आरोपी पीड़ित के घर में घुस गए, तोड़फोड़ की और महिलाओं के साथ मारपीट की।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Check Also
Close
Back to top button