चौधरी छोटूराम की जयंती पर दिल्ली में सजेगा सम्मान का मंच, 24 नवंबर को होगा 12वां भारत गौरव पुरस्कार समारोह
कालीरमन फाउंडेशन भव्य आयोजन, शिक्षा, समाजसेवा, खेल, चिकित्सा और कृषि सहित विभिन्न क्षेत्रों की प्रतिभाओं को करेगा सम्मानित

नई दिल्ली। देश के महान किसान नेता एवं दीनबंधु चौधरी छोटूराम की 145वीं जयंती के अवसर पर कालीरमन फाउंडेशन की ओर से 24 नवंबर 2026 को भव्य जयंती समारोह एवं 12वें भारत गौरव पुरस्कार सम्मान समारोह का आयोजन किया जाएगा। नई दिल्ली स्थित मावलंकर हॉल, कॉन्स्टिट्यूशन क्लब में आयोजित इस समारोह में शिक्षा, समाजसेवा, खेल, चिकित्सा, कृषि, कला, संस्कृति और राष्ट्र निर्माण सहित विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली प्रतिभाओं को भारत गौरव सम्मान से सम्मानित किया जाएगा।
समारोह का उद्देश्य समाज और राष्ट्र के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले ऐसे व्यक्तित्वों को पहचान एवं सम्मान प्रदान करना है, जिन्होंने अपने कार्यों से सामाजिक बदलाव की दिशा में उल्लेखनीय योगदान दिया है। फाउंडेशन के इस आयोजन के माध्यम से समाजसेवियों, शिक्षाविदों, खिलाड़ियों, चिकित्सकों, किसानों और अन्य क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले लोगों को प्रोत्साहित किया जाएगा।
चौधरी छोटूराम का जीवन किसानों, मजदूरों और वंचित वर्गों के अधिकारों के लिए संघर्ष तथा सामाजिक न्याय के प्रति समर्पण का प्रतीक रहा है। उन्होंने अपना संपूर्ण जीवन किसान हितों की रक्षा और समाज के कमजोर वर्गों के उत्थान के लिए समर्पित किया। उनके विचार और आदर्श आज भी सामाजिक एकता, समानता और अधिकारों के प्रति जागरूकता की प्रेरणा देते हैं। उनकी जयंती पर भारत गौरव पुरस्कार समारोह का आयोजन उनके विचारों और सामाजिक योगदान को नई पीढ़ी तक पहुंचाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।
कालीरमन फाउंडेशन के अध्यक्ष एवं समाजसेवी सुरेन्द्र कालीरमन ने बताया कि भारत गौरव पुरस्कार समारोह प्रतिवर्ष आयोजित किया जाता है। इसका उद्देश्य समाजहित और राष्ट्र निर्माण के लिए निस्वार्थ भाव से कार्य करने वाले लोगों को उचित मंच प्रदान करना तथा उनके योगदान को सार्वजनिक पहचान दिलाना है। उन्होंने कहा कि ऐसे सम्मान से प्रतिभाओं का उत्साह बढ़ता है और नई पीढ़ी को भी समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने की प्रेरणा मिलती है।
उन्होंने बताया कि 24 नवंबर को आयोजित समारोह में देशभर से विभिन्न क्षेत्रों की विशिष्ट प्रतिभाओं के साथ गणमान्य अतिथि, समाजसेवी, खिलाड़ी, शिक्षाविद, पत्रकार और सामाजिक संगठनों से जुड़े प्रतिनिधि शामिल होंगे। कार्यक्रम के दौरान चौधरी छोटूराम के जीवन, उनके संघर्षों, किसान हितों के लिए किए गए कार्यों और सामाजिक योगदान को भी याद किया जाएगा।
समारोह का एक विशेष आकर्षण लकी ड्रॉ होगा, जिसके माध्यम से चयनित 20 भाग्यशाली विजेताओं को 50-50 ग्राम चांदी के सिक्के प्रदान किए जाएंगे। सुरेन्द्र कालीरमन ने गणमान्य अतिथियों, समाजसेवियों और आम नागरिकों से समारोह में शामिल होकर आयोजन को सफल बनाने की अपील की है।




