अनंत सिंह की बेटी की शादी की तैयारियां तेज, 10 बीघे में बनेगा भव्य पंडाल; पांच हेलीपैड भी तैयार

मोकामा विधायक अनंत सिंह की बेटी शिवांगी सिंह की शादी में कई वीवीआईपी के पहुंचने की संभावना है। शादी की तैयारियां जोर-शोर से चल रही है और पैतृक गांव में पांच हेलीपैड भी बनाए जा रहे हैं।

पटना,एजेंसी। मोकामा विधायक अनंत सिंह की बेटी शिवांगी सिंह की शादी को लेकर तैयारियां अब अंतिम चरण में पहुंच रही हैं। छठ पर्व के बाद पैतृक गांव में समारोह की व्यवस्थाओं को तेजी से अंतिम रूप दिया जा रहा है। शादी में देश के विभिन्न राज्यों से बड़ी संख्या में मेहमानों के पहुंचने की संभावना है। कई विशिष्ट अतिथियों के हेलीकॉप्टर से आने की संभावना को देखते हुए गांव में पांच हेलीपैड भी बनाए जा रहे हैं।

शादी समारोह के लिए करीब 10 बीघे जमीन पर भव्य पंडाल तैयार किया जा रहा है। मुख्य पंडाल को ताजमहल की तर्ज पर सजाने की योजना है, जबकि दूसरा पंडाल लालकिले की वास्तुकला से प्रेरित होगा। पंडाल निर्माण में कारीगर दिन-रात जुटे हुए हैं। बताया जा रहा है कि पूरा परिसर वातानुकूलित और वाटरप्रूफ बनाया जा रहा है, ताकि मौसम का असर समारोह की व्यवस्थाओं पर न पड़े। अनंत सिंह स्वयं और उनके तीनों बेटे तैयारियों की निगरानी कर रहे हैं तथा अलग-अलग व्यवस्थाओं का जायजा लेकर आवश्यक निर्देश दे रहे हैं।

समारोह में आमंत्रित विशिष्ट अतिथियों के लिए अलग पंडाल की व्यवस्था की जा रही है। परिसर में विभिन्न कार्यक्रमों के लिए कई मंच बनाए जा रहे हैं। सजावट में विदेशी फूलों के इस्तेमाल के साथ महंगी क्रॉकरी और विशेष डाइनिंग व्यवस्था की तैयारी भी है। इन व्यवस्थाओं पर बड़े पैमाने पर खर्च होने का अनुमान लगाया जा रहा है।

मेहमानों के भोजन के लिए करीब 150 तरह के पकवान तैयार करने की योजना है। आयोजकों की तैयारियों के मुताबिक, लगभग चार लाख मेहमानों के लिए भोजन की व्यवस्था की जा रही है, जिसके लिए बड़े-बड़े रसोई पंडाल बनाए गए हैं। मेन्यू में बिहार के पारंपरिक व्यंजनों के साथ देश के अलग-अलग हिस्सों और विदेशी खानपान का स्वाद भी शामिल होगा। लिट्टी-चोखा, नालंदा का प्रसिद्ध 52 परतों वाला सिलाव खाजा, रसगुल्ला, देसी घी का मालपुआ और काजू कतली जैसे व्यंजनों के साथ पिज्जा, पास्ता, बर्गर, कॉन्टिनेंटल और चाइनीज पकवान भी परोसे जाने की तैयारी है। मेहमानों के लिए विदेशी आइसक्रीम की व्यवस्था भी प्रस्तावित है।

भोजन के मुख्य मेन्यू में मटन, चिकन और मछली के अलावा पनीर से बने कई व्यंजन रखे गए हैं। शाही कोफ्ता, दाल मखनी, कश्मीरी पुलाव, जीरा फ्राई राइस, तंदूरी रोटी, नान और मौसमी सब्जियां भी भोजन का हिस्सा होंगी। इसके अलावा चाट, गोलगप्पे, टिक्की, डोसा, चाउमीन, पास्ता और कुल्फी के लिए दर्जनों लाइव काउंटर लगाए जाने की तैयारी है। व्यापक पंडाल, हेलीपैड और विविध व्यंजनों की व्यवस्था के चलते यह शादी समारोह क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button