आगरा में विजयदशमी पर अनूठा शस्त्र पूजन, तोप की आरती उतारकर टैंक पर बांधा कलावा
दशहरा के मौके पर मीरा राठौर ने नामनेर चौराहा पहुंच कर शस्त्र पूजा की। सेना की ओर से रखे गए टैंक और तोप की पूजा करती वह दिखीं।

आगरा,उत्तर प्रदेश। विजयदशमी के अवसर पर आगरा के नामनेर चौराहे पर शस्त्र पूजन का अनूठा आयोजन किया गया। अखिल भारत हिंदू महासभा की जिला अध्यक्ष मीरा राठौर के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने वहां स्थापित सेना के टैंक और तोप का पूजन कर देश की सैन्य शक्ति और सैनिकों के शौर्य को नमन किया। कार्यक्रम की शुरुआत टैंक पर तिरंगा फहराकर की गई। इसके बाद मीरा राठौर ने तोप पर तिलक लगाकर आरती उतारी और टैंक पर कलावा बांधा। इस दौरान ‘भारत माता की जय’ और ‘भारतीय सेना की जय’ के नारों से चौराहा गूंज उठा। कार्यक्रम के दृश्य सोशल मीडिया पर भी प्रसारित हो रहे हैं।
महासभा कार्यकर्ताओं ने विजयदशमी को शौर्य, साहस और बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक बताते हुए शस्त्र पूजन किया। आयोजन के दौरान देश की रक्षा में अपने प्राण न्योछावर करने वाले सैनिकों के बलिदान को याद किया गया। कार्यकर्ताओं ने सैन्य उपकरणों को देश की सुरक्षा, वीरता और सामर्थ्य का प्रतीक बताते हुए उनके प्रति सम्मान व्यक्त किया।
मीरा राठौर ने कहा कि नामनेर चौराहे पर स्थापित तोप उनके लिए केवल युद्ध में इस्तेमाल होने वाला हथियार नहीं, बल्कि देश की सैन्य शक्ति और वीर जवानों के बलिदान का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान के खिलाफ युद्ध में भारत की जीत और सैनिकों के शौर्य की स्मृति में तोप का पूजन किया गया। विजयदशमी हमें अन्याय और बुराई के विरुद्ध खड़े होने का संदेश देती है। देश की रक्षा के लिए सर्वोच्च बलिदान देने वाले जवानों का योगदान हमेशा याद रखा जाना चाहिए।
आगरा में आयोजित इस कार्यक्रम में धार्मिक परंपरा के साथ राष्ट्रभक्ति का संदेश देने का प्रयास किया गया। टैंक पर कलावा बांधने, तोप की आरती उतारने और तिरंगा फहराने के दृश्य लोगों के बीच चर्चा का विषय बने हुए हैं।




