पत्नी से मुलाकात हुई तो भावुक हो गया कैदी जेल से फरार, चार दिन बाद घने जंगल से गिरफ्तार
खरगोन जिला जेल से फरार एक कैदी को पुलिस ने 4 दिन बाद गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी अपनी पत्नी से मिलने के बाद भावुक हो गया था। इसके बाद उसने जेल से भागने की योजना बनाई थी।

खरगोन,मध्य प्रदेश। मध्य प्रदेश के खरगोन में 20 साल के सश्रम कारावास की सजा काट रहा 23 वर्षीय कैदी अरुण धुर्वे जेल से फरार होने के चार दिन बाद पुलिस के हत्थे चढ़ गया। पुलिस ने मंगलवार को तोरण डेम के पीछे बसने के घने जंगल में घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार किया। उसकी तलाश में करीब 70 पुलिसकर्मियों की चार टीमें लगाई गई थीं।
पुलिस के अनुसार, इंदिरा नगर निवासी अरुण धुर्वे को अपर सत्र न्यायालय ने सात अक्टूबर को नाबालिग के अपहरण और यौन शोषण के मामले में 20 साल के कारावास की सजा सुनाई थी। इसके बाद उसे जिला जेल में दाखिल कराया गया था। 16 अक्टूबर की शाम वह जेल के एक वार्ड के शौचालय की छत पर चढ़ा और बाहरी दीवार फांदकर फरार हो गया। घटना के संबंध में मेनगांव थाने में मामला दर्ज किया गया था।
कैदी के फरार होने की सूचना मिलते ही पुलिस ने जिलेभर में नाकाबंदी कर संभावित ठिकानों पर तलाश शुरू की। डॉग स्क्वॉड की मदद लेने के साथ पुलिस टीमों ने खेतों, कच्चे रास्तों और आसपास के इलाकों में तलाशी अभियान चलाया। पुलिस ने संभावित ठिकानों की जानकारी जुटाने के लिए मुखबिर तंत्र को भी सक्रिय किया।
पुलिस अधीक्षक रविंद्र वर्मा के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक बिट्टू सहगल के नेतृत्व में विशेष जांच दल गठित किया गया। टीम ने आरोपी के संभावित भागने के रास्तों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और स्थानीय लोगों से पूछताछ कर जानकारी जुटाई।
लगातार तलाश के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि अरुण तोरण डेम के पीछे बसने के जंगल में छिपा हुआ है। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और उसे गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद आरोपी को जेल प्रशासन के सुपुर्द कर दिया गया।
पुलिस की पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसकी हाल ही में शादी हुई थी और शादी के तुरंत बाद उसे सजा हो गई। पत्नी के जेल में मिलने आने के बाद वह भावुक हो गया और कथित तौर पर जेल से भागने की योजना बनाई। पुलिस अब फरारी की घटना के साथ जेल की सुरक्षा व्यवस्था में हुई संभावित चूक की भी जांच कर रही है।




