लाल किले की रामलीला में 250 फीट ऊंचाई पर दिखे हनुमान, लंका दहन के दृश्य ने मोहा मन

लाल किला मैदान में आयोजित लव-कुश रामलीला में हनुमान जी द्वारा 250 फीट की ऊंचाई पर राम और लक्ष्मण को लेकर उड़ने तथा स्वर्ण लंका दहन के दृश्य ने दर्शकों को रोमांचित कर दिया। इस दौरान जय श्रीराम के जयकारे गूंज उठे। कार्यक्रम में दिल्ली के उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू, मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और असम के स्वास्थ्य मंत्री अशोक सिंघल सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।

नई दिल्ली। लाल किला मैदान में आयोजित देश-विदेश में विख्यात लव-कुश रामलीला में शनिवार को भक्ति, रोमांच और भव्य मंचन का अद्भुत संगम देखने को मिला। विशाल क्रेनों की मदद से करीब 250 फीट की ऊंचाई पर आकाश मार्ग से भगवान श्रीराम और लक्ष्मण को अपने कंधों पर उठाए हनुमान जी के आगमन का दृश्य देखकर रामभक्त भावविभोर हो उठे। मैदान में मौजूद हजारों श्रद्धालुओं ने अपने मोबाइल कैमरों में इस अद्भुत दृश्य को कैद किया। मोबाइल की चमकती रोशनी से पूरा लीला स्थल जगमगा उठा। इसके बाद हनुमान जी द्वारा सोने की लंका में आग लगाने के प्रसंग का भव्य मंचन किया गया। जय श्रीराम के गगनभेदी उद्घोष के बीच लंका दहन का दृश्य आकर्षण का केंद्र रहा।
लव-कुश रामलीला कमेटी के अध्यक्ष अर्जुन कुमार ने बताया कि रामलीला में धार्मिक प्रसंगों को आधुनिक तकनीक और भव्य मंच सज्जा के माध्यम से प्रस्तुत किया जा रहा है, जिससे श्रद्धालुओं को रामायण के प्रसंगों का जीवंत अनुभव मिल सके।
इस अवसर पर दिल्ली के उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू, मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और असम सरकार के स्वास्थ्य मंत्री अशोक सिंघल भी लीला स्थल पहुंचे। उन्होंने भगवान श्रीराम की लीला का अवलोकन किया और प्रभु का आशीर्वाद लिया।
मंच पर भगवान श्रीराम और शबरी की भेंट, राम-सुग्रीव मित्रता, बाली वध, सीता की खोज, लंकनी से भेंट, रावण-सीता संवाद, अक्षय कुमार वध, रावण-हनुमान संवाद और लंका दहन सहित कई महत्वपूर्ण प्रसंगों का प्रभावशाली मंचन किया गया। कलाकारों के अभिनय, भव्य दृश्य संयोजन और तकनीकी प्रस्तुति ने दर्शकों को रामायण की कथा से जोड़े रखा।
कमेटी के महासचिव सुभाष गोयल ने बताया कि लीला स्थल पर पहुंचे उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू, मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, स्वास्थ्य मंत्री अशोक सिंघल और अन्य गणमान्य अतिथियों को कमेटी की ओर से स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर पवन गुप्ता, सत्यभूषण जैन, अखिल सिंघल, बृजमोहन गोयल, अंकुर गोयल, गौरव सूरी, प्रवीण गोयल और संदीप भूटानी सहित कमेटी के अन्य पदाधिकारी तथा अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। भव्य मंचन और श्रद्धालुओं की उत्साहपूर्ण भागीदारी ने रामलीला के आयोजन को यादगार बना दिया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button