बिहार के वरिष्ठ आईपीएस जितेंद्र कुमार बनेंगे आरपीएफ के महानिदेशक, 31 अक्टूबर के बाद संभालेंगे जिम्मेदारी
आईपीएस जितेंद्र कुमार को रेलवे सुरक्षा बल का नया महानिदेशक नियुक्त करने की मंजूरी मिली है। 1993 बैच के आईपीएस अधिकारी 31 मार्च 2030 तक इस पद पर रहेंगे।

पटना,एजेंसी। बिहार कैडर के वरिष्ठ भारतीय पुलिस सेवा अधिकारी जितेंद्र कुमार को केंद्र सरकार ने बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है। केंद्र सरकार ने उन्हें रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) का महानिदेशक नियुक्त करने की मंजूरी दे दी है। वह वर्तमान महानिदेशक सोनाली मिश्रा का स्थान लेंगे। सोनाली मिश्रा का कार्यकाल 31 अक्टूबर 2026 को समाप्त हो रहा है। इसके बाद जितेंद्र कुमार नई जिम्मेदारी संभालेंगे। उनका कार्यकाल 31 मार्च 2030 तक अथवा अगले आदेश तक निर्धारित किया गया है।
जितेंद्र कुमार वर्तमान में बिहार में तीन महत्वपूर्ण पदों की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। वह बिहार पुलिस के केंद्रीय चयन पर्षद (सिपाही भर्ती) के अध्यक्ष हैं। इसके अलावा उनके पास बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस के महानिदेशक का अतिरिक्त प्रभार है। वह बिहार पुलिस अवर सेवा आयोग के अध्यक्ष की जिम्मेदारी भी निभा रहे हैं।
जितेंद्र कुमार के केंद्र में प्रतिनियुक्ति पर जाने के बाद बिहार सरकार के सामने इन तीनों पदों की जिम्मेदारी संभालने के लिए नए अधिकारियों की नियुक्ति की चुनौती होगी। राज्य सरकार को इन पदों पर अलग-अलग अधिकारियों की तैनाती करनी होगी अथवा किसी वरिष्ठ अधिकारी को अतिरिक्त प्रभार सौंपना होगा, ताकि संबंधित संस्थानों का कामकाज सुचारु रूप से चलता रहे।
मूल रूप से उत्तर प्रदेश के रहने वाले जितेंद्र कुमार बीटेक की डिग्री प्राप्त हैं। बिहार कैडर में अपने लंबे सेवाकाल के दौरान उन्होंने पुलिस मुख्यालय में अतिरिक्त महानिदेशक सहित कई महत्वपूर्ण पदों पर काम किया है। विभिन्न जिलों में पुलिस अधीक्षक के रूप में भी उन्होंने सेवाएं दी हैं। उन्हें वर्ष 2016 में राष्ट्रपति पुलिस पदक और वर्ष 2009 में सराहनीय सेवा पदक से सम्मानित किया जा चुका है। पिछले वर्ष उन्हें महानिदेशक स्तर के पद पर पदोन्नति मिली थी।
आरपीएफ के महानिदेशक के रूप में उनकी नियुक्ति को उनके प्रशासनिक अनुभव और पुलिस सेवा में निभाई गई विभिन्न जिम्मेदारियों के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। उनके केंद्र में जाने से बिहार पुलिस के तीन प्रमुख पदों पर नई नियुक्तियों को लेकर भी प्रशासनिक स्तर पर गतिविधियां तेज होने की संभावना है।




