नेपाल में तबाही के बाद नदी में बहकर भारत आ रहीं लाशें, महाराजगंज और कुशीनगर में सात शव बरामद
नेपाल में आई बाढ़ में सैकड़ों लोग बह गए। कइयों के मकान के साथ पुल तक बहकर चले गए। नेपाल से आए भारत आए बाढ़ के पानी में अब लाशें भी बहकर आने लगी हैं।

उत्तर प्रदेश डेस्क। नेपाल में आई विनाशकारी बाढ़ के बाद बाढ़ के पानी में बहकर भारत पहुंचे सात शव उत्तर प्रदेश के महाराजगंज और कुशीनगर जिलों में बरामद किए गए हैं। महाराजगंज की गंडक नदी से चार और कुशीनगर की नारायणी नदी से तीन शव मिले हैं। प्रशासन ने सभी शवों को बरामद कर मोर्चरी में रखवा दिया है। शवों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।
नायब तहसीलदार निचलौल पीयूष कुमार जायसवाल के अनुसार महाराजगंज में बरामद चार शवों में तीन महिलाओं और एक पुरुष का शव शामिल है। इनमें एक शव नारायणी नदी के बनकेसिया के पास और तीन शव टेलफाल ठोकर संख्या एक के पास नदी में बहते हुए दिखाई दिए। एसडीआरएफ की टीम ने स्टीमर की मदद से सभी शवों को नदी से बाहर निकाला।
प्रशासन को आशंका है कि महाराजगंज में बरामद चारों शव नेपाली नागरिकों के हो सकते हैं। वहीं कुशीनगर की नारायणी नदी से भी बाढ़ के पानी में बहकर आए तीन शव बरामद किए गए हैं। सभी शवों को 72 घंटे के लिए मोर्चरी में सुरक्षित रखा गया है। अधिकारियों के अनुसार कुछ अन्य शव पनियहवा पुल के नीचे से बहकर बिहार की ओर जाने की भी संभावना है।
प्रशासनिक अधिकारियों की ओर से शवों की पहचान और आगे की कार्रवाई के लिए नेपाल प्रशासन को सूचना दी जा रही है।
नेपाल में आई बाढ़ के बाद वाल्मीकि गंडक बैराज से बड़ी मात्रा में पानी छोड़े जाने के कारण कुशीनगर और महाराजगंज में नदियों का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। कुशीनगर जिला प्रशासन के अनुसार बैराज के सभी 36 गेट खोल दिए गए हैं, जिसके चलते लाखों क्यूसेक पानी छोड़ा गया है। गुरुवार सुबह आठ बजे तक नारायणी नदी का जलस्तर खतरे के निशान से एक सेंटीमीटर ऊपर पहुंच गया था।
संभावित बाढ़ की स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने एसडीआरएफ की टीम को मौके पर तैनात कर दिया है। राहत और बचाव दलों को आवश्यक उपकरणों के साथ सतर्क रखा गया है। अधिकारियों का कहना है कि जरूरत पड़ने पर प्रभावित इलाकों से लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने के लिए तत्काल अभियान शुरू किया जाएगा।
नेपाल में आई इस प्राकृतिक आपदा में बड़ी संख्या में लोगों के हताहत और लापता होने की सूचना है। नेपाल के आपदा प्रबंधन अधिकारियों के अनुसार बाढ़ में 160 से अधिक लोगों की मौत हुई है, जबकि करीब 826 लोग लापता बताए जा रहे हैं। नेपाल के विदेश मंत्री शिशिर खनाल के अनुसार लापता लोगों में लगभग 300 भारतीय पर्यटक भी शामिल हैं। नेपाल से बहकर भारत पहुंच रहे शवों के बाद सीमावर्ती जिलों में प्रशासन ने निगरानी और राहत-बचाव व्यवस्था और तेज कर दी है।




