किसान की फसल का दाम तय करने का अधिकार भी सरकार ने छीन लिया : पल्लवी पटेल

खखरेरू के रक्षपालपुर में अपना दल (कमेरावादी) के कार्यकर्ता सम्मेलन में सिराथू विधायक डॉ. पल्लवी पटेल ने केंद्र व प्रदेश सरकार पर किसान, युवा और आम जनता विरोधी नीतियां अपनाने का आरोप लगाया। उन्होंने खाद की बढ़ती कीमतों, बिजली संकट, नोटबंदी और पेपर लीक को लेकर सरकार पर निशाना साधा।

संवाददाता/सत्येंद्र शुक्ला

फतेहपुर/उत्तर प्रदेश। केंद्र और प्रदेश सरकार की किसान विरोधी नीतियों के चलते देश का अन्नदाता आज आर्थिक संकट से जूझ रहा है। किसान अपनी फसल का दाम खुद तय नहीं कर सकता और दूसरी ओर उसे बिजली तथा खाद के संकट का सामना करना पड़ रहा है। यह आरोप अपना दल (कमेरावादी) की नेता एवं सिराथू विधायक डॉ. पल्लवी पटेल ने खखरेरू के रक्षपालपुर में आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलन में लगाए।
पल्लवी पटेल ने कहा कि सरकार की नीतियों के कारण किसानों की मुश्किलें लगातार बढ़ रही हैं। उन्होंने खाद की बोरी का वजन कम किए जाने का मुद्दा उठाते हुए कहा कि पहले किसानों को 50 किलो की खाद की बोरी मिलती थी, जिसे घटाकर 45 किलो कर दिया गया। इसके बावजूद कीमतों में बढ़ोतरी हुई और किसानों को समय पर खाद उपलब्ध नहीं हो पा रही है।
उन्होंने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि सत्ता में बैठे लोग धर्म और आत्मनिर्भरता के नारों के पीछे अपनी विफलताओं को छिपाने का प्रयास कर रहे हैं। नोटबंदी का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि कालेधन पर अंकुश लगाने के दावे वास्तविकता में सफल नहीं हुए। आम जनता को बैंकों की कतारों में खड़ा होना पड़ा, जबकि बड़े आर्थिक घोटालों के आरोपी देश का पैसा लेकर विदेश भाग गए।
यूजीसी पेपर लीक जैसे मुद्दों का उल्लेख करते हुए पल्लवी पटेल ने आरोप लगाया कि सरकार युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रही है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से सड़क से संसद तक जनहित के मुद्दों को लेकर संघर्ष करने का आह्वान किया। साथ ही 23 अगस्त को रायबरेली में प्रस्तावित रैली में बड़ी संख्या में पहुंचने की अपील की।
2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर पल्लवी पटेल ने कहा कि अपना दल (कमेरावादी) प्रदेश की 40 विधानसभा सीटों पर स्वतंत्र रूप से चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि फिलहाल पार्टी का किसी भी दल के साथ गठबंधन करने का कोई इरादा नहीं है।
सम्मेलन की अध्यक्षता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सीएल पटेल ने की। इस दौरान सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ गांव-गांव जाकर संघर्ष करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में प्रयागराज मंडल उपाध्यक्ष सतनारायण पटेल, जिलाध्यक्ष विद्या पटेल, जिला महिला अध्यक्ष सुशील सिंह, युवा विधानसभा अध्यक्ष रत्नेश सिंह, तेज प्रताप सिंह, धर्मेंद्र सिंह (बालाजी), अंकित सिंह डब्बू, निखिल धोबी, पुष्पराज सिंह और टीकम सिंह सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button