बांग्लादेश के राष्ट्रपति मोहम्मद शहाबुद्दीन ने दिया इस्तीफा, शेख हसीना से नजदीकी ने खाई कुर्सी
बांग्लादेश के राष्ट्रपति मोहम्मद शहाबुद्दीन ने इस्तीफा दे दिया है। उन्हें शेख हसीना का करीबी माना जाता था। उनकी राष्ट्रपति के पद पर नियुक्ति भी शेख हसीना के कार्यकाल में ही हुई थी। इसी नजदीकी के कारण वह विरोधियों को निशाने पर थे। उन पर इस्तीफा देने का भारी दवाब भी था।

ढाका/एजेंसी। बांग्लादेश के राष्ट्रपति मोहम्मद शहाबुद्दीन ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है, जिसे तत्काल प्रभाव से स्वीकार कर लिया गया है। राष्ट्रपति पद रिक्त होने के बाद देश के संविधान के अनुसार संसद के स्पीकर हाफिज उद्दीन अहमद कार्यवाहक राष्ट्रपति के रूप में जिम्मेदारी संभालेंगे, जब तक नए राष्ट्रपति का चुनाव नहीं हो जाता। इस संबंध में स्पीकर ने प्रेस कॉन्फ्रेंस भी बुलाई है।
मोहम्मद शहाबुद्दीन को पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना का करीबी माना जाता रहा है। हाल ही में उनके साथ हुई बातचीत के बाद विपक्षी दलों के निशाने पर आए शहाबुद्दीन पर इस्तीफे का दबाव बढ़ गया था। माना जा रहा है कि इसी दबाव के चलते उन्होंने पद छोड़ने का फैसला किया।
उन्होंने 24 अप्रैल 2023 को बांग्लादेश के राष्ट्रपति पद की शपथ ली थी और सत्तारूढ़ अवामी लीग के उम्मीदवार के रूप में निर्विरोध चुने गए थे। उनका कार्यकाल अप्रैल 2028 तक निर्धारित था, लेकिन उन्होंने उससे पहले ही इस्तीफा दे दिया। सूत्रों के अनुसार, स्वास्थ्य कारणों को भी उनके इस्तीफे की एक वजह बताया जा रहा है।
राष्ट्रपति के इस्तीफे के बाद अब नए राष्ट्रपति को लेकर अटकलें तेज हो गई हैं। चर्चाओं के मुताबिक कैबिनेट सचिव नसीमुल गनी का नाम प्रमुख दावेदार के रूप में सामने आ रहा है। हालांकि, आधिकारिक रूप से अभी किसी नाम की घोषणा नहीं की गई है।




