सार्वजनिक जगह के इस्तेमाल पर ताज होटल को बीएमसी ने भेजा 27 करोड़ का नोटिस
बीएमसी ने ताज महल पैलेस होटल को 26/11 हमले के बाद सुरक्षा के लिए इस्तेमाल की गई सड़क और फुटपाथ के लिए 27.12 करोड़ रुपये का नोटिस भेजा है।

कांती जाधव/महाराष्ट्र स्टेट हेड
मुंबई ब्यूरो। 26/11 आतंकी हमले के बाद सुरक्षा कारणों से कोलाबा स्थित ताज महल पैलेस होटल के आसपास घिरी सड़क और फुटपाथ अब होटल प्रबंधन के लिए महंगे साबित हो रहे हैं। बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) ने सार्वजनिक स्थान के उपयोग के एवज में होटल को करीब 27.12 करोड़ रुपये का डिमांड नोटिस जारी किया है, साथ ही पूर्व में दी गई सभी रियायतें भी वापस ले ली गई हैं।
बीएमसी के ‘ए’ वार्ड के असिस्टेंट कमिश्नर द्वारा जारी नोटिस के अनुसार होटल को सड़क उपयोग के लिए 4.97 करोड़ रुपये और फुटपाथ उपयोग के लिए 22.15 करोड़ रुपये का भुगतान करना होगा। इस कुल राशि में मार्च 2026 तक का ब्याज और अन्य शुल्क भी शामिल हैं।
यह विवाद होटल के आसपास 869.59 वर्ग मीटर सड़क और 1136.3 वर्ग मीटर फुटपाथ के उपयोग से जुड़ा है, जहां 26/11 हमले के बाद सुरक्षा व्यवस्था और पार्किंग के लिए प्लांटर्स और बैरिकेड्स लगाए गए थे।
शुरुआत में होटल प्रबंधन ने सड़क शुल्क में 50 प्रतिशत छूट और फुटपाथ शुल्क पूरी तरह माफ करने की मांग की थी, जिसे बीएमसी की स्टैंडिंग कमेटी ने जनवरी 2021 में मंजूरी दे दी थी, लेकिन यह प्रस्ताव जनरल बॉडी में लंबित रहा।
बाद में बीएसई से बकाया वसूली के पश्चात ‘ए’ वार्ड ने ऐसी सभी रियायतों की समीक्षा की। फरवरी 2025 में म्युनिसिपल कमिश्नर ने ताज होटल को दी गई छूट रद्द कर दी, जिसके बाद ताज और समीप स्थित ट्राइडेंट होटल को नए सिरे से नोटिस जारी किए गए।
बीएमसी अधिकारियों के अनुसार ट्राइडेंट होटल ने अपना बकाया जमा कर दिया है और फुटपाथ पर लगाए गए सुरक्षा प्लांटर्स भी हटा दिए हैं, जबकि ताज होटल ने कई बार रिमाइंडर के बावजूद अब तक भुगतान नहीं किया है।
नगर निगम के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि सुरक्षा के नाम पर सार्वजनिक सड़क और फुटपाथ का उपयोग करने वाले सभी वाणिज्यिक प्रतिष्ठानों के लिए अब एक समान नीति लागू की जाएगी।




