बिहार में लुंगी पहनकर ड्यूटी करने लगे दारोगा जी, एसपी ने किया निलंबित
पटना से सटे बाढ़ अनुमंडल के अथमलगोला थाना में तैनात दारोगा जी लुंगी पहनकर ड्यूटी करने में व्यस्त हो गये। उनका वीडियो तौलिये में ड्यूटी करते हुए वायरल हो गया। उसके बाद फिर ग्रामीण एसपी कुंदन कुमार ने मामले पर संज्ञान लिया और दारोगा को तत्काल सबक सीखा दिया।

पटना/एजेंसी। बिहार की राजधानी पटना से सटे बाढ़ अनुमंडल के अथमलगोला थाना में तैनात एक एएसआई का तौलिया पहनकर ड्यूटी करने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। वायरल वीडियो में एएसआई अंजनी कुमार सिंह बिना वर्दी के केवल तौलिया (लुंगी की तरह) पहने हुए फरियादी से केस से जुड़े दस्तावेज लेते नजर आ रहे हैं, जबकि पास में एक अन्य पुलिसकर्मी वर्दी में मौजूद है। वीडियो में एएसआई द्वारा थाने में वीडियो बनाने से मना करते हुए भी देखा जा सकता है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए ग्रामीण एसपी कुंदन कुमार ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एएसआई अंजनी कुमार सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है और विभागीय जांच के आदेश दिए हैं।
यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसे आरजेडी ने अपने आधिकारिक फेसबुक पेज पर भी साझा किया है। वीडियो के साथ पार्टी ने बिहार पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए तीखी राजनीतिक प्रतिक्रिया दी है।
वहीं, मामले में एएसआई अंजनी कुमार सिंह ने अपनी सफाई में कहा कि वह टॉयलेट जाने की तैयारी में थे, तभी नालंदा से आए कुछ लोग चोरी की बाइक के मामले में उन्हें खोजते हुए पहुंचे। फरियादियों को अधिक इंतजार न करना पड़े, इस वजह से उन्होंने उसी अवस्था में काम शुरू कर दिया और आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने के बाद बाथरूम गए। उनका कहना है कि एक महिला शिक्षिका ने वीडियो बनाकर उसे सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।
ग्रामीण एसपी कुंदन कुमार ने बताया कि वायरल वीडियो का संज्ञान लेते हुए तत्काल निलंबन की कार्रवाई की गई है और पूरे मामले की विभागीय जांच जारी है।



