शिव मंदिर में जहरीले सांप की मौजूदगी से मचा हड़कंप, भोलेनाथ के चरणों में कुंडली मारकर बैठा; सुरक्षित रेस्क्यू

एमपी के सागर जिले में एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक मंदिर में भगवान शिव की प्रतिमा के पास 5 फीट लंबा सांप कुंडली मारकर रातभर बैठा रहा, मानों वह शिवभक्ति करने मंदिर पहुंचा हो, सुबह भी वह यथावत बैठा रहा, बाद में उसका रेस्क्यू किया गया।

सागर/मध्य प्रदेश। सागर जिले से आस्था और हैरत से जुड़ा एक अनोखा मामला सामने आया है। बहेरिया चौराहे के पास स्थित एक देवी मंदिर में रात के समय करीब पांच फीट लंबा जहरीला सांप घुस गया और देवी मां व हनुमानजी की प्रतिमा के पास से होते हुए भगवान शिव के चरणों तक पहुंच गया। बताया जा रहा है कि सांप शिव प्रतिमा के सामने कुंडली मारकर बैठ गया, जिससे सुबह मंदिर पहुंचे लोगों में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार, रात के समय सांप कब मंदिर परिसर में दाखिल हुआ, इसकी किसी को भनक नहीं लगी। सुबह जब श्रद्धालु और पुजारी पूजा-अर्चना के लिए मंदिर पहुंचे, तो भगवान शिव के सामने सांप को आराम से बैठे देख उनके होश उड़ गए। भयभीत लोग तुरंत मंदिर से बाहर निकल आए और आसपास के लोगों को इसकी सूचना दी।
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय सर्पमित्र बबलू पवार मौके पर पहुंचे। बताया जाता है कि करीब आधे घंटे बाद जब वे मंदिर पहुंचे, तब भी सांप बिना किसी को नुकसान पहुंचाए शिव प्रतिमा के पास शांत अवस्था में बैठा हुआ था। सर्पमित्र ने जैसे ही रेस्क्यू की कोशिश शुरू की, सांप स्वयं प्रतिमा के पास से हटकर नीचे आ गया, जिसके बाद उसे सुरक्षित पकड़ लिया गया।
रेस्क्यू के बाद सांप को पास के जंगल में छोड़ दिया गया। सर्पमित्र बबलू पवार ने लोगों से अपील की कि यदि कहीं भी सांप या अन्य विषैला जीव दिखाई दे, तो उसे मारने या छेड़ने की कोशिश न करें, बल्कि तुरंत विशेषज्ञ या वन विभाग को सूचना दें, ताकि सुरक्षित तरीके से उसे पकड़ा जा सके।
इस घटना को लेकर क्षेत्र में चर्चा का माहौल है, जहां लोग इसे आस्था से जोड़कर देख रहे हैं, वहीं सुरक्षा को लेकर भी सतर्कता बरतने की बात कही जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button