मुस्तफाबाद का नाम बदलकर ‘शिव विहार’ करने की तैयारी, सीएम बोलीं—लड़ाई हम लड़ेंगे

दिल्ली के मुस्तफाबाद विधानसभा क्षेत्र का नाम जल्द ही बदलकर शिव विहार किया जाएगा, जिसकी घोषणा सीएम रेखा गुप्ता ने की है। यह बदलाव पिछले एक साल से चल रही राजनीतिक बहस का परिणाम है, जिसमें डिप्टी स्पीकर मोहन सिंह बिष्ट ने भी समर्थन दिया है।

पूर्वी दिल्ली। उत्तर प्रदेश की तर्ज पर अब दिल्ली में भी क्षेत्रों के नाम बदलने की राजनीति तेज होती नजर आ रही है। मुस्तफाबाद विधानसभा क्षेत्र का नाम बदलने को लेकर पिछले एक वर्ष से राजनीतिक हलचल जारी है। इस मुद्दे को दिल्ली विधानसभा के डिप्टी स्पीकर मोहन सिंह बिष्ट पहले ही सदन में उठा चुके हैं, जबकि मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने संकेत दिया है कि जल्द ही मुस्तफाबाद को ‘भोले बाबा की नगरी शिव विहार’ के नाम से जाना जाएगा।
रविवार को शिव विहार क्षेत्र में आयोजित ‘विकसित भारत संकल्प सम्मेलन’ एवं भजन संध्या कार्यक्रम में पहुंचीं मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि क्षेत्र के लोग मुस्तफाबाद को भोले बाबा की नगरी बनाना चाहते हैं और इस नाम परिवर्तन की लड़ाई वह स्वयं लड़ेंगी। उन्होंने बताया कि मुस्तफाबाद विधानसभा क्षेत्र में करीब 200 करोड़ रुपये की लागत से विकास कार्य कराए जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने पूर्ववर्ती सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस ने 65 वर्षों के शासनकाल में अपेक्षित विकास नहीं किया, जबकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पिछले 12 वर्षों में उससे अधिक कार्य हुए हैं। उन्होंने आम आदमी पार्टी और पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर भी आरोप लगाया कि उनके कार्यकाल में मुस्तफाबाद क्षेत्र की अनदेखी की गई।
डिप्टी स्पीकर मोहन सिंह बिष्ट ने कहा कि वह किसी क्षेत्र विशेष के नाम के विरोधी नहीं हैं, लेकिन आम जनता की मांग के आधार पर विधानसभा क्षेत्र का नाम बदलकर शिव विहार करने का प्रस्ताव रखा गया है। उन्होंने यह भी कहा कि चुनाव के दौरान जनता से यह वादा किया गया था।
मुख्यमंत्री ने बताया कि भाजपा सरकार ने सत्ता में आते ही मुस्तफाबाद में पीएनजी गैस पाइपलाइन की शुरुआत कर दी है, जिससे क्षेत्र के विकास को गति मिली है। फिलहाल, नाम परिवर्तन को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है और आने वाले समय में यह मुद्दा और गरमाने की संभावना है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button