सेना की वर्दी का कालाबाजार! बरेली में प्रतिबंधित कॉम्बैट यूनिफॉर्म का जखीरा पकड़ा गया
बरेली में मिलिट्री इंटेलिजेंस की सूचना पर कैंट पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने नकटिया क्षेत्र में छापेमारी कर प्रतिबंधित इंडियन आर्मी कॉम्बैट यूनिफॉर्म के करीब 2500 मीटर कपड़े सहित बड़ी मात्रा में सैन्य सामग्री बरामद की।

बरेली/उत्तर प्रदेश। बरेली में बड़े स्तर पर मिलिट्री वर्दी आदि कारोबार विभिन्न स्थानों पर चल रहा है। मिलिट्री इंटेलिजेंस सूचना पर कैंट पुलिस और एसओजी टीम ने नकटिया क्षेत्र में छापेमारी कर प्रतिबंधित इंडियन आर्मी कॉम्बैट यूनिफॉर्म करीब 2500 मीटर कपड़े का अवैध भंडारण पकड़ा है। एक दुकानदार को गिरफ्तार कर लिया है। इसमें नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश की जा रही है।
संयुक्त छापामारी में बरेली- लखनऊ हाईवे स्थित नकटिया क्षेत्र में संचालित दुकान से 200 मीटर के सात बंडल, 100 मीटर के पांच बंडल, करीब 150 मीटर अतिरिक्त प्रतिबंधित कपड़ा, कॉम्बैट यूनिफॉर्म के कटपीस, जूते के फीते, टोपी तथा बैज सहित अन्य सैन्य सामग्री बरामद किया है।
पूछताछ में आरोपी अरबाज उर्फ जियाउल पुत्र बाली खान निवासी मोहनपुर रोड, नकटिया ने बताया कि वह राजस्थान गंगानगर से कपड़ा मंगाकर आर्मी की यूनिफॉर्म तैयार करता था। उसने बताया आर्मी बर्दी बनाकर बेचने से अधिक मुनाफा मिलता था। सीएसडी आर्मी कैंटीन में यह कपड़ा उपलब्ध न होने के कारण कई जवान उसके यहां से यूनिफॉर्म सिलवाते थे।
इंस्पेक्टर कैंट संजय कुमार धीर ने बताया कि नवंबर 2023 से बाजार में इस कॉम्बैट यूनिफॉर्म कपड़े की बिक्री व दुकान खोलना, बिक्री और भंडारण पर प्रतिबंध है। उन्होंने बताया आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब उन लोगों की भी तलाश कर रही है, जिनके माध्यम से प्रतिबंधित यूनिफॉर्म जवानों तक पहुंचाई जाती थी। उन्होंने बताया कि आरोपी अरबाज जेल भेज दिया गया है।
प्रतिबंधित आर्मी कपड़ा बेचे जाने मामले में कहीं और लोग शामिल हो सकते हैं। पुलिस और मिलिट्री इंटेलिजेंस टीम नेटवर्क में जुड़े लोगों को तलाश में जुट गया है।




