जापानी प्रतिनिधिमंडल ने देखा निगम बोध घाट का मॉडल, नि:शुल्क सेवाओं की सराहना की
जापान से आए अंतिम संस्कार से जुड़े एक प्रतिनिधिमंडल ने दिल्ली के निगम बोध घाट का दौरा किया। उन्होंने घाट पर उपलब्ध आधुनिक सुविधाओं और जरूरतमंदों को मुफ्त अंतिम संस्कार सामग्री देने के प्रयासों की सराहना की।

नई दिल्ली। जापान में अंतिम संस्कार से जुड़े लोगों के प्रतिनिधिमंडल ने यमुना किनारे स्थित निगम बोध घाट का निरीक्षण किया तथा जनसुविधाओं व अंतिम संस्कार क्रिया के बारे में विस्तार से जानकारी ली।
घाट की संचालन संस्था बड़ी पंचायत वैश्य बीसे अग्रवाल के महामंत्री सुमन गुप्ता ने प्रतिनिधिमंडल का पारंपरिक स्वागत करते हुए घाट पर बन रहे आधुनिक चिता प्लेटफार्म, स्वच्छ शौचालय, छायादार विश्राम स्थल और गर्मी में शीतल पेयजल सहित लोगों को की दी जाने वाली अन्य सुविधाओं के बारे में जानकारी दी।
प्रतिनिधिमंडल ने विशेष रूप से संस्था द्वारा आर्थिक रूप से कमजोर व जरूरतमंद परिवारों को निश्शुल्क अंतिम संस्कार सामग्री उपलब्ध कराने के प्रयासों की सराहना की, जिससे कठिन समय में परिवारों को राहत मिलती है।
इस मौके पर सुमन गुप्ता ने भविष्य में यहां आने वाले लोगों को हर सुविधा और सहयोग देने की प्रतिबद्धता भी जताई।




