हरियाणवी डांसर सपना चौधरी ने पति वीर साहू के खिलाफ कोर्ट का दरवाजा खटखटाया
हरियाणवी डांसर सपना चौधरी ने पति वीर साहू के खिलाफ मारपीट और प्रताड़ना का आरोप लगाते हुए द्वारका महिला कोर्ट में याचिका दायर की है।

पश्चिमी दिल्ली। हरियाणवी डांसर और गायिका सपना चौधरी की निजी जिंदगी एक बार फिर चर्चा में आ गई है। सपना चौधरी ने अपने पति और हरियाणवी गायक वीर साहू के खिलाफ मारपीट और प्रताड़ना के आरोप लगाते हुए दिल्ली की द्वारका महिला कोर्ट में याचिका दायर की है। मंगलवार को मामले की प्रारंभिक सुनवाई करते हुए अदालत ने सपना चौधरी को अंतरिम राहत प्रदान की। कोर्ट ने वीर साहू को अगली सुनवाई तक सपना चौधरी से किसी भी प्रकार का संपर्क करने, उनके घर या कार्यस्थल पर जाने तथा उन्हें प्रत्यक्ष या परोक्ष रूप से परेशान करने से रोक दिया है।
अदालत में सपना चौधरी की ओर से वीडियो, ऑडियो और अन्य इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य भी प्रस्तुत किए गए हैं। इन साक्ष्यों के आधार पर अदालत ने मामले को सुनवाई योग्य मानते हुए अगली तारीख 25 जुलाई निर्धारित की है। सूत्रों के अनुसार, वैवाहिक विवाद बढ़ने के बाद सपना चौधरी अपने ससुराल से अलग हो चुकी हैं। वर्तमान में वह द्वारका एक्सप्रेस-वे क्षेत्र स्थित अपने मायके में रह रही हैं।
सपना चौधरी और वीर साहू का विवाह वर्ष 2020 में पंजाब में हुआ था। दोनों के दो बेटे हैं। सपना का पैतृक संबंध हरियाणा के हिसार जिले से है, जबकि वीर साहू भी हरियाणवी संगीत जगत का चर्चित नाम माने जाते हैं।
फिलहाल मामले में अदालत की ओर से अंतरिम संरक्षण आदेश जारी किया गया है। अब सभी की निगाहें 25 जुलाई को होने वाली अगली सुनवाई पर टिकी हैं, जहां अदालत के समक्ष दोनों पक्षों की दलीलों और प्रस्तुत साक्ष्यों पर आगे विचार किया जाएगा। इस संबंध में सपना चौधरी से संपर्क करने की कोशिश की गई पर, उन्होंने बात करने से इनकार कर दिया।




