मथुरा में ऑनलाइन प्रवचन की आड़ में बी.टेक पास लड़कियों को फंसाने वाला फर्जी साधू गिरफ्तार

गोवर्धन इलाके में पकड़ा गया अभिषेक मिश्रा मैकेनिकल इंजीनियर है। वह पढ़ी-लिखी लड़कियों को अपने जाल में फंसाता था।

मथुरा/उत्‍तर प्रदेश। मथुरा में के गोवर्धन क्षेत्र से एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां ऑनलाइन प्रवचन और भजन-कीर्तन के जरिये ऊंचे पैकेजों पर काम करने वालीं बी.टेक पास युवतियों को अपने जाल में फंसाने वाले एक फर्जी साधु को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी साधु खुद एक मैकेनिकल इंजीनियर है, जो युवतियों को नशीला पदार्थ देकर उनके साथ दुष्कर्म करता था। वह अश्लील वीडियो और तस्वीरें बनाकर उन्हें ब्लैकमेल करता था।
यह पूरा मामला तब प्रकाश में आया जब गोवर्धन थाना क्षेत्र के एक किराए के मकान में रहने वाली एक युवती की बहन ने एसएसपी श्लोक कुमार को एक प्रार्थना-पत्र सौंपा। शिकायत के मुताबिक, छत्तीसगढ़ की रहने वाली पीड़िता बीएससी नर्सिंग तृतीय सेमेस्टर की छात्रा है, जो 15 मई को मथुरा आई थी। मथुरा के राधाकुंड में पीड़िता की IOCL में इंटर्नशिप कर रही बहन एक साधु के मकान में किराए पर रहती थी। यहां पीड़िता बहन के साथ अपना जन्मदिन मनाने आई थी।
पीड़िता की बहन भजन-कीर्तन मंडली के माध्यम से कथित साधु अभिषेक मिश्रा के संपर्क में आई थी। 15 मई की रात अभिषेक ने पीड़िता को भगवान का प्रसाद बताकर दूध पिलाया, जिसके बाद उसकी तबीयत बिगड़ गई और वह अचेत हो गई। बेहोशी की हालत में आरोपी ने उसके साथ अश्लील हरकतें कीं। विरोध करने पर उसे जान से मारने की धमकी दी गई।
पीड़िता किसी तरह वहां से निकलकर अपने घर छत्तीसगढ़ चली गई। जहां उसने अपने साथ हुई हरकत की जानकारी मां को दी। लेकिन लोक लाज के डर से मां चुप रही। इसके बाद आरोपी ने पीड़िता को वीडियो कॉल कर 5 लाख रुपये की मांग की और पैसे न देने पर निजी फोटो सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी दी। इसके बाद पीड़िता ने पूरे मामले की जानकारी पिता को दी। जिसके बाद पिता पीड़िता को मथुरा लाया और एसएसपी को पूरी घटना बताई। एसएसपी के आदेश पर थाना गोवर्धन में 25 मई को पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया और मामले की जांच शुरू कर दी।
पुलिस ने जब मामले की जांच शुरू की तो चौंकाने वाले खुलासे हुए। पुलिस को पता चला कि आरोपी अभिषेक मिश्रा कई अन्य युवतियों के साथ इस तरह की हरकत कर चुका है। इसके बाद पुलिस ने अन्य पीड़ित युवतियों के परिवार वालों से बात की।
आरोपी अभिषेक मिश्रा मूल रूप से ओडिशा का रहने वाला है और उसने वर्ष 2021 में रुड़की से मैकेनिकल इंजीनियरिंग में बीटेक की डिग्री हासिल की थी। इसके बाद वह किसी कंपनी में 20 लाख के पैकेज पर नौकरी करने लगा। लेकिन कुछ समय नौकरी करने के बाद वह वहां से आ गया और पिछले तीन साल से गोवर्धन के राधाकुंड में मकान किराए पर लेकर रह रहा था।
पढ़ा-लिखा होने के कारण अभिषेक मिश्रा उर्फ अधिकार्ता नारायण दास ऑनलाइन प्रवचन के जरिए विशेष रूप से उन युवतियों को निशाना बनाता था जो बड़ी कंपनियों में अच्छे पैकेज पर नौकरी कर रही थीं। उन्हें अपने जाल में फंसाकर अपने पास बुलाता और नशीला पदार्थ देकर दुष्कर्म करता और फिर उनकी तस्वीरें व वीडियो खींच लेता था।
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी इन अश्लील वीडियो और तस्वीरों के बल पर युवतियों से मोटी रकम वसूलता था। युवतियों से ब्लैकमेल कर ऐंठे गए इसी धन से उसने राधाकुंड में एक मकान खरीदा था, जिसमें उसने अपना एक कथित ‘आश्रम’ भी बना रखा था। एसपी ग्रामीण सुरेश चंद्र रावत ने बताया कि पुलिस टीम ने सोमवार शाम को आरोपी अभिषेक मिश्रा को राधाकुंड स्थित उसके मकान से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने मौके से दो युवतियों और एक बालक को सुरक्षित मुक्त कराया है, जिन्हें नशा मुक्ति केंद्र भेजा गया है।
आरोपी पढ़े लिखे युवक युवतियों का गंधर्व विवाह कराता था। इसके बाद उन युवकों को अपने पास बुलाता और युवतियों का ब्रेनवाश कर उनके साथ शारीरिक संबंध बनाता था। आरोपी मुख्य रूप से बीटेक पास ऐसी युवतियों को टारगेट करता था जो मल्टीनेशनल कंपनियों में काम करती थीं। आरोपी के मोबाइल से एक दर्जन से अधिक युवक-युवतियों की अश्लील तस्वीरें और वीडियो बरामद हुए हैं। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और मामले से जुड़े अन्य पहलुओं को खंगालने में जुटी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button