प्रेमिका की डीएम के साथ सेल्फी की अनोखी डिमांड, दतिया कलेक्टर स्वप्निल वानखेड़े ने युवक का ब्रेकअप होने से बचाया
चंदौली का एक युवक प्रेमिका की शर्त पूरी करने के लिए 700 किलोमीटर दूर दतिया पहुंच गया। प्रेमिका ने शादी के लिए डीएम संग सेल्फी लाने की शर्त रखी थी। सेल्फी लेने पहुंचा युवक अचानक सीने में दर्द से गिर पड़ा। मौके पर मौजूद डीएम ने दरियादिली दिखाते हुए तुरंत इलाज कराकर उसकी जान बचाई।

चंदाैली/उत्तर प्रदेश। सकलडीहा क्षेत्र के एक युवक की अनोखी प्रेम कहानी इन दिनों इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है। अपनी प्रेमिका की एक शर्त पूरी करने के लिए युवक करीब 700 किलोमीटर दूर मध्य प्रदेश के दतिया पहुंच गया। प्रेमिका ने उससे कहा था कि यदि वह दतिया के डीएम स्वप्निल वानखड़े के साथ सेल्फी लेकर आएगा तभी वह उससे शादी करेगी। सकलडीहा निवासी राजकुमार गुप्ता ने बताया कि उसकी प्रेमिका उसी गांव की रहने वाली है और दोनों की सगाई पहले ही हो चुकी है। एक दिन बातचीत के दौरान प्रेमिका ने मजाक-मजाक में शर्त रख दी कि दतिया के डीएम के साथ सेल्फी लेकर आओ, तभी शादी करूंगी।
शुरुआत में राजकुमार ने इसे सामान्य मजाक समझा, लेकिन धीरे-धीरे उसे लगने लगा कि कहीं यह बात रिश्ते पर असर न डाल दे। इसके बाद उसने बिना किसी को ज्यादा बताए दतिया जाने का फैसला कर लिया। वह ट्रेन से कानपुर पहुंचा, फिर झांसी होते हुए बस के जरिए दतिया पहुंच गया। लंबी यात्रा के बाद 22 मई की रात उसने एक होटल में 800 रुपये देकर कमरा लिया और अगले दिन कलेक्ट्रेट पहुंच गया। हालांकि उस दिन कार्यालय बंद था। कर्मचारियों ने उसे सोमवार को आने की सलाह दी। राजकुमार ने बताया कि वह डीएम कार्यालय परिसर में बैठा हुआ था। इसी दौरान उसे प्यास लगी और पानी पीने के बाद अचानक सीने में तेज दर्द शुरू हो गया। देखते ही देखते वह जमीन पर गिर पड़ा। संयोगवश उसी समय वहां मौजूद डीएम स्वप्निल वानखड़े की नजर उस पर पड़ी।
डीएम ने तत्काल अपने वाहन से युवक को अस्पताल भिजवाया और बाद में खुद अस्पताल पहुंचकर उसका हालचाल लिया। इलाज के बाद डीएम ने उसे भरोसा दिलाया कि स्वस्थ होने के बाद वह कार्यालय में आकर उनसे मिल सकता है। बाद में उन्होंने अपना वाहन भेजकर युवक को बुलवाया और कार्यालय में मुलाकात की। मुलाकात के दौरान डीएम ने उसके साथ सेल्फी खिंचवाई और घर लौटने के लिए आर्थिक मदद भी दी।
राजकुमार ने बताया कि डीएम के साथ सेल्फी लेने के बाद उसने तुरंत फोटो अपनी होने वाली पत्नी को भेज दी। फोटो देखते ही वह बेहद खुश हो गई और अब शादी तय मानी जा रही है। युवक ने कहा कि ‘डीएम साहब की वजह से मेरी शादी टूटते-टूटते बच गई।’
राजकुमार ने डीएम की तारीफ करते हुए कहा कि उसने अपने जीवन में इतना संवेदनशील और मददगार अधिकारी पहले कभी नहीं देखा। उसने बताया कि वह अपनी शादी में डीएम स्वप्निल वानखड़े को विशेष रूप से आमंत्रित करेगा, क्योंकि डीएम ने शादी में आने का आश्वासन भी दिया है।
इस पूरे घटनाक्रम के बाद युवक का परिवार भी हैरान रह गया था कि आखिर वह मध्य प्रदेश के एक डीएम से मिलने के लिए इतनी दूर क्यों चला गया। हालांकि पूरी कहानी जानने के बाद परिवार ने उसके जुनून और प्रेम की सराहना की। इलाके में अब यह अनोखी प्रेम कहानी लोगों के बीच चर्चा का विषय बनी हुई है।
राजकुमार का कहना है कि यदि उसे डीएम के साथ सेल्फी नहीं मिलती तो शायद उसकी शादी टूट जाती। उसने कहा कि ‘मैंने सिर्फ एक फोटो के लिए 700 किलोमीटर का सफर तय किया था, लेकिन वहां मुझे इंसानियत और अपनापन भी मिला।’ राजकुमार ने बताया कि वह अपनी शादी में डीएम स्वप्निल वानखड़े को विशेष अतिथि के रूप में आमंत्रित करेगा। युवक के अनुसार डीएम ने शादी में आने का आश्वासन भी दिया है।




