दिल्ली-लखनऊ हाईवे बना फिल्म सेट, ब्राइडल लुक में युवती ने बाइक बनाई रील्स
रील के चक्कर में लोग अपनी जान की भी परवाह नहीं कर रहे हैं। मुरादाबाद में एक युवती ने दुल्हन के लिबास में लखनऊ-दिल्ली हाईवे पर रील बनाई। पुलिस कार्रवाई की बात कह रही है।

मुरादाबाद/उत्तर प्रदेश। मुरादाबाद में दिल्ली-लखनऊ नेशनल हाईवे पर दुल्हन के लिबास में एक युवती द्वारा खतरनाक अंदाज में बाइक चलाने और रील बनाने का मामला चर्चा का विषय बना हुआ है। वायरल वीडियो में युवती कभी बाइक का हैंडल छोड़कर एक्सप्रेशन देती नजर आती है तो कभी चलते वाहन पर फिल्मी अंदाज में अभिनय करती दिखाई देती है।
सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे इन वीडियो को ITZ Tuba नाम के फेसबुक पेज से पोस्ट किया गया। बताया जा रहा है वीडियो में युवती अलग-अलग ब्राइडल ड्रेस पहनकर हाईवे पर बाइक चलाती नजर आ रही है। बैकग्राउंड में फिल्मी गाने चल रहे हैं और युवती उसी के अनुसार एक्सप्रेशन देती दिखाई देती है। कई क्लिप्स में वह चलते-चलते डांस स्टेप्स जैसी हरकतें भी करती दिखी, जिसे देखकर लोग हैरानी जता रहे हैं। सबसे ज्यादा चिंता की बात यह है कि रील शूट करने के दौरान युवती कई बार बाइक का हैंडल छोड़ देती है। हाईवे जैसी व्यस्त सड़क पर इस तरह का स्टंट न सिर्फ उसकी जान के लिए खतरा बन सकता है, बल्कि वहां से गुजर रहे अन्य वाहन चालकों के लिए भी बड़ा जोखिम पैदा कर सकता है।
रील शूट करने के लिए एक युवक दूसरी बाइक पर साथ चलता दिखाई दे रहा है, जो लगातार वीडियो रिकॉर्ड कर रहा था। दुल्हन के कपड़ों में युवती को बाइक चलाते देख हाईवे पर कई लोग रुक गए और मोबाइल निकालकर वीडियो बनाने लगे। कुछ वाहन चालक धीमे होकर यह नजारा देखते रहे, जिससे सड़क पर कुछ देर के लिए अव्यवस्था जैसी स्थिति भी बनती नजर आई।
वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों की तीखी प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। कई यूजर्स ने इसे लाइक्स और फॉलोअर्स के लिए जान जोखिम में डालने वाला ट्रेंड बताया है। लोगों का कहना है कि हाईवे मनोरंजन या स्टंट का मंच नहीं है और इस तरह की हरकतें कभी भी बड़े हादसे को न्योता दे सकती हैं।
स्थानीय लोगों ने पुलिस प्रशासन से मामले में कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि यदि समय रहते ऐसे मामलों पर सख्ती नहीं हुई तो युवा सोशल मीडिया पर वायरल होने के लिए और भी खतरनाक कदम उठा सकते हैं। उत्तर प्रदेश के कई जिलों में सड़क पर स्टंट और रील बनाने वालों पर पुलिस कार्रवाई कर चुकी है। कई मामलों में चालान काटने के साथ वाहन सीज तक किए गए हैं। फिलहाल मुरादाबाद का यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस युवती की तलाश में जुट गई है।
इस मामले में मुरादाबाद एसएसपी सत्यपाल अंतील ने मीडिया से हुई बातचीत में बताया कि वायरल सभी वीडियो की जांच की जा रही है। साथ ही इस युवती के खिलाफ संगीन धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जा रही है।




