गोकलपुरी थाना पुलिस ने सक्रिय तस्कर को दबोचा, 13.77 ग्राम स्मैक बरामद

उत्तर पूर्वी दिल्ली। गोकलपुरी थाना पुलिस ने सक्रिय रूप से नशा तस्करी में लिप्त एक युवक को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 13.77 ग्राम स्मैक बरामद की है। 30 अप्रैल की दोपहर कांस्टेबल अमित गंगा विहार क्षेत्र स्थित एमसीडी टोल टैक्स पोस्ट के पास ड्यूटी पर तैनात थे। इस दौरान उन्हें एक संदिग्ध व्यक्ति दिखाई दिया, जिसकी सूचना तुरंत वरिष्ठ अधिकारियों को दी गई। एसीपी गोकलपुरी के निर्देश पर मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने एनडीपीएस एक्ट के तहत आरोपी की तलाशी ली।
तलाशी के दौरान आरोपी की पहचान फरकान (24) पुत्र अशरफ, निवासी भगिरथी विहार, गोकलपुरी के रूप में हुई। उसके पास से पांच पैकेट स्मैक बरामद हुए, जिनका कुल वजन इलेक्ट्रॉनिक तराजू से 13.77 ग्राम पाया गया। इस संबंध में गोकलपुरी थाने में एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 के तहत एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की गई।
फॉरेंसिक टीम ने मौके से आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए। पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार किया। विस्तृत जांच में सामने आया कि फरकान पहले भी लूट और स्नैचिंग के दो मामलों में शामिल रहा है। पुलिस अब मामले की आगे की जांच कर रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button