जम्मू-श्रीनगर वंदे भारत में मात्र 730 रुपये में कीजिए हवाई जहाज से भी आरामदायक सफर

वंदे भारत एक्सप्रेस ने जम्मू-श्रीनगर यात्रा को मात्र 730 रुपये में तेज, किफायती और आरामदायक बना दिया है। यह ट्रेन आधुनिक सुविधाओं, विशेष कश्मीरी मेन्यू और बढ़ती लोकप्रियता के साथ पर्यटन को बढ़ावा दे रही है।

जम्मू/एजेंसी। वंदे भारत एक्सप्रेस ने जम्मू से श्रीनगर के बीच यात्रा को नया आयाम दे दिया है। कश्मीर की खूबसूरत वादियों तक पहुंच अब पहले से कहीं अधिक आसान, तेज और किफायती हो गई है। जहां जम्मू-श्रीनगर के बीच हवाई यात्रा का किराया 4,000 से 6,000 रुपये तक पहुंच जाता है, वहीं वंदे भारत मात्र 730 रुपये (कैटरिंग शुल्क अतिरिक्त) में यात्रियों को आरामदायक सफर उपलब्ध करा रही है।
समय की बचत और आधुनिक सुविधाओं का बेहतरीन मेल इस ट्रेन को खास बनाता है। यह ट्रेन जम्मू से श्रीनगर की दूरी महज 4 घंटे 45 मिनट में तय कर रही है। सड़क मार्ग की लंबी और थकाऊ यात्रा के मुकाबले यह सेवा यात्रियों को सुकुन भरा और थकान-मुक्त अनुभव दे रही है। अत्याधुनिक कोच, शानदार इंटीरियर और जीपीएस आधारित सूचना प्रणाली इसे हवाई जहाज जैसा अनुभव प्रदान करते हैं।
यात्रियों की बढ़ती संख्या इस ट्रेन की लोकप्रियता का प्रमाण है। पहले दिन करीब 3925 यात्रियों ने सफर किया, जबकि दूसरे दिन यह आंकड़ा 5000 के पार पहुंच गया। रेलवे अधिकारियों का मानना है कि आने वाले दिनों में इसकी आक्युपेंसी 100 प्रतिशत तक पहुँच सकती है।खान-पान की सुविधा भी इस ट्रेन की खासियत है।
आइआरसीटीसी ने इस रूट के लिए विशेष शाकाहारी कश्मीरी मेन्यू तैयार किया है, जिसमें स्थानीय व्यंजनों का स्वाद शामिल है। यात्रियों को टिकट बुकिंग के समय “नो फूड” का विकल्प भी मिलता है, जिससे कैटरिंग शुल्क घट जाता है। वहीं, यात्रा के दौरान भी उपलब्धता के आधार पर भोजन खरीदा जा सकता है। रेलवे के इस कदम ने सीमित बजट वाले यात्रियों के लिए कश्मीर यात्रा को सुलभ बना दिया है।
सुरक्षित, समयबद्ध और आरामदायक सफर के चलते वंदे भारत एक्सप्रेस अब आम जनता के लिए पहली पसंद बनती जा रही है। इससे न केवल कनेक्टिविटी मजबूत हुई है, बल्कि पर्यटन को भी नई रफ्तार मिली है। जम्मू-श्रीनगर जैसे चुनौतीपूर्ण मार्ग पर यह सेवा किसी वरदान से कम नहीं, जो आम लोगों के सफर को आसान और यादगार बना रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button