गंगा स्नान पर जा रहे श्रद्धालुओं की बस पलटी, 25 घायल और 11 को लोहिया अस्पताल भेजा

शाहजहांपुर के अल्लाहगंज में गंगा स्नान के लिए जा रही प्राइवेट बस ओवरटेक करते समय पलट गई, जिससे 25 यात्री घायल हुए। लोहिया अस्पताल में 11 गंभीर घायलों का इलाज चल रहा है, जहां प्रशासनिक अधिकारियों ने पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया।
फर्रुखाबाद/उत्तर प्रदेश। जिले में हरपालपुर से 60 यात्रियों को बैठाकर आ रही प्राइवेट बस शाहजहांपुर के अल्लाहगंज थाना क्षेत्र में गांव रघुनाथपुर के पास शुक्रवार सुबह ओवरटेक करने के दौरान पलट गई। इससे 25 यात्री घायल हो गए। इनमें 11 को लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया गया। अन्य का वहीं उपचार हुआ है। बस में सवार अधिकांश यात्री बुद्ध पूर्णिमा के चलते पांचाल घाट पर गंगा स्नान करने आ रहे थे। हरदोई जनपद के हरपालपुर से सुबह प्राइवेट बस में करीब 60 यात्री सवार हुए। चालक बस को तेजी भगा रहा था। कुछ यात्रियों ने उससे सही से बस चलाने के लिए भी कहा। पर उसने एक नहीं सुनी। इस बीच गांव रघुनाथपुर के पास आगे चल रहे वाहन को ओवर टेक करने के प्रयास में बस पलट गई। इससे चीख पुकार मच गई। पुलिस व आसपास के ग्रामीणों ने बस में फंसे लोगों को बाहर निकाला।
एसीएमओ और एसडीएम ने जाना मरीजों का हाल
इसमें 25 यात्री घायल हो गए। एंबुलेंस से 11 घायल यात्रियों को लोहिया अस्पताल भेजा गया है। इनमें से नौ को भर्ती कर लिया गया। दो यात्रियों को मरहम पट्टी के बाद छुट्टी दे दी गई। घटना की जानकारी होने पर एसीएमओ डॉ. रंजन गौतम, एसडीएम सदर रजनीकांत पांडेय ने सीओ अभय वर्मा लोहिया अस्पताल में पहुंच कर मरीजों का हाल जाना है।
हरदोई थाना पाली के गांव पांडेयपुरवा निवासी राधिका(45), नन्हीं देवी(60), सवायजपुर गांव सलउद्दीपुर के विश्व प्रताप सिंह(31), मिलरगवां की उमाकांती (55), माहरेपुर की गुड्डी(55), रामदेवी (65), अनुष्का( 8) पुत्री प्रदीप पाल, नंदबाग के रामलड़ैते( 47), जदुवीर सिंह(60), गोकुल बेहटा के गांव रामपुर मानपुर के रंजीत सिंह, अमरेखा के राजू(30) को लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया गया।
महिला के कुंडल व छह हजार रुपये सिपाही ने नहीं दिए
लोहिया अस्पताल में भर्ती हरदोई जिले के थाना सवायजपुर क्षेत्र के गांव मिरगवां निवासी घायल उमाकांती के पुत्र राहुल ने बताया कि बस पलटने पर उनकी मां के कुंडल व छह हजार रुपये वहीं गिर गए थे। बस से निकालने के दौरान एक सिपाही ने कुंडल व रुपये उठा लिए थे। मांगने उसने कहा कि पहले अस्पताल जाकर इलाज कराओ बाद में थाने आकर यह ले जाना। पर जब राहुल रुपये व कुंडल मांगने गया तो सिपाही ने रुपये व कुंडल लेने से ही इनकार कर दिया। इससे परेशान व्यवस्था कोसता रहा।



