मुंबई पुलिस के एसीपी की शर्मनाक हरकत, 9 साल की बच्ची के सामने दिखाए प्राइवेट पार्ट्स, हुआ गिरफ्तार

मुंबई में एक एसीपी रैंक के अधिकारी को 9 साल की बच्ची के सामने अश्लील हरकत करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। यह घटना 23 अप्रैल को वर्ली के एक गार्डन में हुई थी, और आरोपी पर पोक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।
मुंबई/एजेंसी। देश की आर्थिक राजधाना कहे जाने वाले मुंबई शहर से एक शर्मनाक घटना सामने आई है, जहां एक असिस्टेंट ऑफ पुलिस कमिश्नर रैंक (एसीपी रैंक) के अधिकारी को एक बच्ची के सामने अश्लील हरकत करने के मामले में गिरफ्तार किया गया है।
अधिकारी पर आरोप है कि उन्होंने मुंबई स्थित वर्ली के एक गार्डन में एक 9 साल की बच्ची के सामने अपने प्राइवेट पार्ट्स दिखाए। फिलहाल आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
पुलिस के एक सूत्र ने बताया कि शिकायत मिलने के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। एक पुलिस अधिकारी ने कहा, “आरोपी ने अपने प्राइवेट पार्ट्स दिखाए थे। यह घटना 23 अप्रैल को हुई थी और हमने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।” पुलिस ने बताया कि अधिकारी के खिलाफ अब तक सिर्फ एक ही शिकायत मिली है। आरोपी के खिलाफ छेड़छाड़ और बच्चों के यौन अपराधों से सुरक्षा (पोक्सो) एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। आगे की जांच जारी है।




