कौशाम्बी में भूमि विवादों का मौके पर समाधान अभियान,डीएम न्यायिक ने सरसवां गांव में किया स्थलीय सत्यापन

सचिन पाण्डेय,कौशाम्बी/उत्तर प्रदेश। जिलाधिकारी के निर्देशानुसार अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) ओम प्रकाश ने शुक्रवार को तहसील मंझनपुर के ग्राम सरसवां में आयोजित कैम्प में भूमि विवादों के निस्तारण की स्थिति का स्थलीय सत्यापन किया। यह अभियान टॉप 10 भूमि विवादों के मौके पर समाधान के अंतर्गत चलाया गया।
शिकायतकर्ता चन्दन लाल ने आईजीआरएस पर गाटा संख्या-1706 पर पत्थरगढ़ी उखाड़े जाने की शिकायत की थी। राजस्व एवं पुलिस की संयुक्त टीम ने मौके पर पुनः पत्थरगढ़ी करा दी और विपक्षी को चेतावनी दी कि यदि दोबारा पत्थरगढ़ी उखाड़ी गई तो कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इसी प्रकार शिकायतकर्ता चन्द्रभान की शिकायत पर आबादी की भूमि को लेकर विवाद का निस्तारण कराया गया। ग्राम की चारागाह भूमि पर हुए अवैध कब्जे को मौके पर ही हटवाया गया।
ग्राम की आराजी संख्या-192 मि0 पर दुर्गा देवी की शिकायत, जो सिविल कोर्ट में हस्तक्षेप रोकने के लिए दर्ज थी, उसका भी निस्तारण कराया गया। विपक्षी को अवगत कराया गया कि उनके द्वारा गलत बैनामा लिया गया है, जिस पर वे सहमत हुए और हस्तक्षेप न करने का आश्वासन दिया।
अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि भविष्य में भी इसी प्रकार संवेदनशीलता और तत्परता के साथ जनता की समस्याओं का समाधान सुनिश्चित किया जाए। इस अवसर पर उप जिलाधिकारी मंझनपुर आकाश सिंह सहित अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे।




