महिषासुर मर्दिनी स्त्रोत गाते देख स्कूली छात्राओं के साथ गाने लगे प्रधानमंत्री मोदी
जनसभा को संबोधित करने के बाद मां डाटकाली के दर्शन को पहुंचे मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का मां डाटकाली के मंदिर में स्कूल की छात्राओं के साथ आज अलग ही लगाव देखने को मिला। प्रधानमंत्री मोदी ने जहां मंदिर में मां डाटकाली के दर्शन किए वहीं स्कूली छात्राओं के साथ देवी स्तुति गान में ताली बजाते हुए उनका साथ भी दिया।
देहरादून/एजेंसी। मां डाटकाली मंदिर परिसर में ‘अयिगिरिनन्दिनि नन्दितमेदिनि विश्वविनोदिनि नन्दनुते’ महिषासुर मर्दिनी स्त्रोत को सुन कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इतने मंत्रमुग्ध हो गए कि वे खुद को नहीं रोक पाए। प्रधानमंत्री मोदी मंदिर में प्रवेश करने से पहले इन छोटी बच्चियों के पास आए और महिषासुर मर्दिनी स्त्रोत को सुनकर उनके साथ ताली बजाते हुए गुनगुनाने लगे। प्रधानमंत्री से मिली इस हौसलाआफजाई से बच्चियों की खुशी भी देखते ही बन रही थी।
मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे के लोकार्पण के लिए उत्तराखंड पहुंचे। प्रधानमंत्री ने उत्तराखंड की यात्रा में मां डाटकाली के दर्शन किए। जैसे ही प्रधानमंत्री मोदी मंदिर परिसर पहुंचे तो वहां स्कूल की छात्राओं ने महिषासुर मर्दिनी स्त्रोत का गायन शुरू कर दिया। जिस पर प्रधानमंत्री सीधा उनके पास पहुंचे। पहले तो वे स्त्रोत को सुनते रहे। बच्चों के गायन से वे इतने प्रभावित हुए कि ताली बजाते हुए खुद भी महिषासुर मर्दिनी स्त्रोत गुनगुनाने लगे। सोशल मीडिया पर प्रधानमंत्री का बच्चियों के साथ ताली बजाते हुए स्त्रोत गान का यह वीडियो जमकर वायरल हो रहा है और लोग भी उनकी इस प्रतिक्रिया को जमकर सराह रहे हैं।
वहीं, एक्सप्रेसवे का लोकार्पण करने के बाद देहरादून के जसवंत सिंह ग्राउंड में जनसभा को संबोधित करने के बाद उन्होंने एक्सप्रेसवे निर्माण में मां डाटकाली के आशीर्वाद का खासतौर पर जिक्र किया। अपने संबोधन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि देहरादून पर मां डाटकाली की कृपा है। प्रधानमंत्री ने हरिद्वार कुंभ, नंदा राजजात से लेकर पंच बदरी, पंच केदार, पंच प्रयाग का भी जिक्र भी अपने संबोधन में किया।




