जगतपुरी पुलिस के जाल में फंसा आदतन अपराधी मुस्तकीम गिरफ्तार
बटन से खुलने वाला चाकू और चोरी की स्कूटी बरामद

राजीव कुमार गौड़/दिल्ली ब्यूरो। दिल्ली पुलिस ने एक आदतन अपराधी को दबोचते हुए उसके पास से बटन से खुलने वाला चाकू और चोरी की स्कूटी बरामद की है। पुलिस को गश्त के दौरान मुखबिर से सूचना मिली थी कि फरश बाजार थाने का बीसी मुस्तकीम अपराध करने की नीयत से घूम रहा है और चोरी की स्कूटी के साथ खुरेजी रेड लाइट की ओर से आने वाला है।
सूचना पर जगतपुरी थाने की टीम ने एसीपी विवेक विहार और एसएचओ जगतपुरी के निर्देशन में जाल बिछाया। कुछ समय बाद संदिग्ध व्यक्ति को आते देख पुलिस ने उसे पहचान कर पकड़ लिया। तलाशी में उसके पास से बटन से खुलने वाला चाकू मिला, जबकि स्कूटी की जांच में पता चला कि यह 12 मार्च को स्वरूप नगर थाने में दर्ज ई-एफआईआर संख्या 5612/2026 के तहत चोरी की गई थी।
पकड़े गए आरोपी की पहचान मुस्तकीम उर्फ मुस्तकिम उर्फ चोंच निवासी एनएसए कॉलोनी, विश्वास नगर, शाहदरा, उम्र 33 वर्ष के रूप में हुई है। आरोपी आदतन अपराधी है और अब तक लगभग 15 आपराधिक मामलों में संलिप्त रह चुका है।
इस मामले में जगतपुरी थाने में एफआईआर संख्या 128/26 दिनांक 30 मार्च 2026, धारा 25 आर्म्स एक्ट एवं 106 बीएनएसएस के तहत दर्ज की गई है। जांच का जिम्मा एचसी आसिफ खान को सौंपा गया है। बरामदगी में एक बटन से खुलने वाला चाकू और चोरी की स्कूटी शामिल है। कार्रवाई में एसआई जीत पाल, एएसआई अमित, एचसी आसिफ खान, कॉन्स्टेबल अंकुर मान और कॉन्स्टेबल यतेन्द्र शामिल रहे। पुलिस का कहना है कि समय पर की गई कार्रवाई और टीम के समन्वित प्रयास से आरोपी को पकड़ा जा सका। मामले की आगे जांच जारी है।



