सिडनी की मस्जिद में प्रधानमंत्री अल्बानीज का जमकर हुआ विरोध

सिडनी। ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बानीज को शुक्रवार को सिडनी की एक मस्जिद में भारी विरोध का सामना करना पड़ा। वे वहां ईद की नमाज और जश्न में शामिल होने पहुंचे थे, लेकिन माहौल अचानक तनावपूर्ण हो गया। जैसे ही पीएम अल्बानीज और गृह मंत्री टोनी बर्क लेकम्बा मस्जिद के अंदर दाखिल हुए, वहां मौजूद भीड़ ने उनकी हूटिंग शुरू कर दी।
प्रदर्शनकारियों ने साफ शब्दों में चिल्लाकर कहा, यहां से बाहर निकलो। लेकम्बा ऑस्ट्रेलिया की सबसे बड़ी मस्जिदों में से एक है। यहां ईद पर हजारों लोग जुटे थे। अल्बानीज के पहुंचने के महज 15 मिनट बाद ही गाजा जंग को लेकर लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। प्रदर्शनकारियों ने उन्हें नरसंहार का समर्थक तक कह डाला।
आयोजकों ने माइक पर चिल्लाकर कहा, आज ईद है, खुशी का दिन है, प्लीज शांत हो जाइए। लेकिन भीड़ का गुस्सा थमने का नाम नहीं ले रहा था और विरोध बढ़ता ही गया। प्रदर्शनकारियों ने गाजा में सहयोगी इजरायल के हमले पर उनके रुख पर नाराजगी व्यक्त की।आस्ट्रेलिया के कुछ मुस्लिम और यहूदी समुदाय गाजा युद्ध शुरू होने के बाद से सरकार द्वारा अपनाए गए रुख से नाराज हैं। सरकार ने फलस्तीनियों के लिए चिंता व्यक्त की है, बार-बार युद्धविराम का आग्रह किया है और इजरायल के आत्मरक्षा के अधिकार का समर्थन किया है।




