स्वामी दयानंद अस्पताल में नवनियुक्त चिकित्सा अध्यक्षों का स्वागत, मरीजों के लिए क्यूआर कोड आधारित रजिस्ट्रेशन शुरू

राजीव कुमार गौड़/दिल्ली ब्यूरो। स्वामी दयानंद अस्पताल में नवनियुक्त चिकित्सा चिकित्सा अधीक्षक डॉक्टर सुनीता कुजूर और अतिरिक्त चिकित्सा चिकित्सा अधीक्षक डॉक्टर पूनम सरीन का नर्सेज़ वेलफेयर एसोसिएशन द्वारा स्वागत किया गया। इस अवसर पर अस्पताल में मरीजों के रजिस्ट्रेशन की नई व्यवस्था की जानकारी भी दी गई।
नर्सेज़ वेलफेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष पुनीत उपाध्याय ने बताया कि अब अस्पताल में क्यूआर कोड आधारित रजिस्ट्रेशन की सुविधा शुरू की गई है। इस व्यवस्था से मरीजों को पंजीकरण कराने में लगने वाले समय की बचत होगी और लंबी लाइनों से भी राहत मिलेगी। उन्होंने कहा कि क्यूआर कोड स्कैन करने के बाद मरीज सीधे चिकित्सकों से अपॉइंटमेंट प्राप्त कर सकेंगे, जिससे उपचार प्रक्रिया और अधिक सुगम व तेज़ हो जाएगी।
कार्यक्रम में उपस्थित नर्सेज़ वेलफेयर एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने दोनों अधिकारियों का स्वागत करते हुए आशा व्यक्त की कि उनके नेतृत्व में अस्पताल की सेवाओं में और अधिक सुधार होगा। नई तकनीकी व्यवस्था को मरीजों के हित में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। यह आयोजन अस्पताल प्रशासन और नर्सेज़ वेलफेयर एसोसिएशन के बीच सहयोग और बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं की दिशा में उठाए गए प्रयासों का प्रतीक रहा।





