रूस की सेना में 202 भारतीय थे तैनात, 26 की मौत, 119 को कराया गया मुक्त

नई दिल्ली/एजेंसी। केंद्र सरकार ने गुरुवार को राज्यसभा को बताया कि 2022 से अब तक 202 भारतीय नागरिकों को रूसी सेना में भर्ती किया गया है, जिनमें से 26 की मौत हो गई है और सात लापता हैं। सरकार ने यह जानकारी तृणमूल कांग्रेस के सदस्य साकेत गोखले और कांग्रेस सदस्य रणदीप सिंह सुरजेवाला के सवाल के जवाब में दी। उन्होंने रूस-यूक्रेन युद्ध में लड़ने के लिए कथित तौर पर मजबूर किए गए या अवैध रूप से भर्ती किए गए भारतीयों की वापसी के बारे में पूछा था।
विदेश राज्यमंत्री कीर्ति वर्धन सिंह ने कहा कि भारत के लगातार राजनयिक प्रयासों से 119 भारतीय नागरिकों को मुक्त करा लिया गया है, जबकि 50 लोग अभी भी रूसी सेना से मुक्त होने का इंतजार कर रहे हैं। विदेश मंत्रालय उनकी सुरक्षा, कल्याण और जल्द वापसी सुनिश्चित करने के लिए लगातार रूसी अधिकारियों के संपर्क में है।
केंद्र ने कहा कि इस मुद्दे को कई राजनयिक स्तरों पर उठाया गया है, जिसमें दोनों देशों के नेताओं, मंत्रियों और वरिष्ठ अधिकारियों के बीच बातचीत शामिल है। साथ ही संसद को आश्वासन दिया कि जब तक बाकी सभी भारतीयों को मुक्त नहीं कर दिया जाता और सुरक्षित वापस नहीं लाया जाता, तब तक प्रयास जारी रहेंगे।
सरकार ने कहा कि मारे गए 26 लोगों में से 10 के पार्थिव शरीर भारत लाए गए हैं, जबकि दो का अंतिम संस्कार भारतीय दूतावास की मदद से रूस में ही किया गया। 18 भारतीयों के परिवार के सदस्यों के डीएनए सैंपल, जिनके बारे में बताया गया था कि वे मर गए हैं या लापता हैं, रूसी अधिकारियों के साथ साझा किए गए हैं ताकि कुछ मृत भारतीय नागरिकों की पहचान स्थापित करने में मदद मिल सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button