कांग्रेस का बड़ा एक्शन, सिद्धू की पत्नी नवजोत कौर को पार्टी से निकाला
500 करोड़ वाले बयान के बाद हुई कार्रवाई

चंडीगढ़/एजेंसी। पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने सिद्धू की पत्नी नवजोत कौर के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। पंजाब कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वरिंग ने पार्टी की सदस्यता से उन्हें सस्पेंड कर दिया है। इस कार्रवाई से सियासी माहौल गरमा गया है।
नवजोत कौर के सीएम कुर्सी के लिए 500 करोड़ रुपए के बयान ने पहले ही पार्टी में हड़कंप मचा रखा था। इसके बाद नवजोत कौर ने सोमवार को फिर एक मीडिया चैनल पर कहा कि पंजाब कांग्रेस के प्रधान राजा वड़िंग ने 5 करोड़ रुपए में कौंसलर की टिकट बेची। अमरिंदर राजा वड़िंग, चरणजीत चन्नी, सुखजिंदर रंधावा और प्रताप सिंह बाजवा पंजाब का सीएम बनना चाहते हैं। उसके लिए वह कांग्रेस को खत्म करने में लगे हुए हैं। देर शाम कांग्रेस प्रधान की तरफ से नवजोत कौर को प्राथमिक सदस्यता से निलंबित करने का फैसला सामने आ गया।
वहीं नवजोत कौर सिद्धू को जवाब देते हुए पूर्व डिप्टी सीएम व सांसद सुखजिंदर रंधावा सिद्धू के पिता तक पहुंच गए। उन्होंने नवजोत कौर से पूछा कि आपके पति ने कांग्रेस सरकार में नंबर टू मिनिस्टर बनने के लिए कितने रुपए दिए। पंजाब कांग्रेस का प्रधान बनने के लिए कितने रुपए दिए। सिद्धू के पिता भी एडवोकेट जनरल (एजी) बने थे, क्या वो भी पैसे देकर बने।





