“नंद नगरी थाना पुलिस की बड़ी कार्रवाई: दो स्नैचर्स गिरफ्तार, चोरी की बाइक और मोबाइल बरामद”

राजीव कुमार गौड़/दिल्ली ब्यूरो। राजधानी में बढ़ती स्नैचिंग की वारदातों पर नकेल कसते हुए नंद नगरी थाना पुलिस ने स्नैचिंग की वारदात में शामिल दो आरोपियों को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस की इस कार्रवाई ने न केवल पीड़ित को न्याय दिलाया बल्कि इलाके में अपराधियों के हौसले भी पस्त कर दिए। पुलिस टीम ने उनके कब्जे से तीन मोबाइल फोन और एक चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की है।
दोपहर में नाथूपुरा फ्लाईओवर के पास आरोपी अल्तावाश (19), निवासी जनता मजदूर कॉलोनी, वेलकम ने मुकेश (41) से मोबाइल फोन छीनने की कोशिश की। मौके पर मौजूद लोगों ने अल्तावाश को पकड़ लिया, जबकि उसका साथी भागने में सफल रहा। तलाशी में उसके पास से पीड़ित का मोबाइल, अन्य दो मोबाइल और हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल (UP-19-K-4226) बरामद हुई।
नंद नगरी थाने में एफआईआर नंबर 737/25 ,धाराएँ 304(2)/317(2)/3(5) BNS एवं 106(1) BNSS के तहत मामला दर्ज किया गया। जांच में सामने आया कि बरामद मोटरसाइकिल शाहीन बाग थाने से चोरी की गई थी। लगातार पूछताछ के बाद अल्तावश की निशानदेही पर उसके साथी रेहान उर्फ बंटी (25), निवासी जनता मजदूर कॉलोनी, वेलकम को भी गिरफ्तार किया गया। पुलिस जांच में पता चला कि रेहान स्नैचिंग और आर्म्स एक्ट से जुड़े पांच आपराधिक मामलों में पहले से शामिल है।
फिलहाल मामले की आगे की जांच जारी है। नंद नगरी थाना एसएचओ आनंद यादव का कहना है कि स्नैचिंग जैसी वारदातों पर अंकुश लगाने के लिए लगातार गश्त और सख्त कार्रवाई की जा रही है। यह घटना एक बार फिर साबित करती है कि अपराधी चाहे कितने भी चालाक क्यों न हों, जनता की सजगता और पुलिस की तत्परता उन्हें ज्यादा देर तक बचा नहीं सकती। नंद नगरी थाना पुलिस की यह कार्रवाई राजधानी में कानून-व्यवस्था पर भरोसा मजबूत करती है।




