मुश्किल में लोकगायिका नेहा सिंह राठौर, गिरफ्तार करने के लिए दबिश मार रही लखनऊ पुलिस

लखनऊ/एजेंसी। लोकगायिका नेहा सिंह राठौर की मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही हैं। पहलगाम आतंकी हमले के बाद सोशल मीडिया पर किए गए उनके भड़काऊ पोस्ट मामले में कार्रवाई तेज हो गई है। दो नोटिस जारी होने और हाईकोर्ट के आदेश के बावजूद नेहा सिंह राठौर के बयान दर्ज न कराने पर अब पुलिस उनकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है।
नेहा सिंह राठौर ने गिरफ्तारी की आशंका को देखते हुए हाईकोर्ट में अग्रिम जमानत याचिका दाखिल की थी। इसके बावजूद उन्होंने पुलिस के सामने अपना बयान दर्ज नहीं कराया। हजरतगंज पुलिस के मुताबिक, नेहा सिंह राठौर की गिरफ्तारी के लिए दो टीमें गठित की गई हैं, जो लगातार दबिश दे रही हैं।
दरअसल पहलगाम में 22 अप्रैल, 2025 को हुए आतंकी हमले में 26 भारतीय नागरिकों की मौत हो गई थी। इसके बाद नेहा ने अपने एक्स अकाउंट से कई विवादित और भड़काऊ पोस्ट किए थे। इसके चलते हजरतगंज थाने में उनके खिलाफ 27 अप्रैल को मुकदमा दर्ज कराया गया था। जांच में यह सामने आया कि नेहा सिंह राठौर के विवादित पोस्ट को पाकिस्तान में भारत के खिलाफ प्रचार के तौर पर इस्तेमाल किया गया था। पुलिस ने सभी डिजिटल साक्ष्यों को एक पेन ड्राइव में इकट्ठा कर विधि विज्ञान प्रयोगशाला (FSL) भेजा था, जहां रिपोर्ट में पोस्ट और वीडियो की प्रामाणिकता की पुष्टि हुई है। किसी तरह की छेड़छाड़ नहीं पाई गई है।
हजरतगंज पुलिस ने लोक गायिका के अंबेडकरनगर स्थित हीडी पकड़िया गांव में नोटिस भेजा था। हाईकोर्ट ने भी उन्हें पुलिस के सामने पेश होने का आदेश दिया था, लेकिन नेहा सिंह ने बीमारी का हवाला देकर बयान दर्ज कराने से परहेज किया था। हाईकोर्ट ने उनकी अग्रिम जमानत याचिका खारिज कर दी थी।
जमानत याचिका खारिज होने पर पुलिस ने नेहा सिंह राठौर की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमों को सक्रिय कर दिया है। इंस्पेक्टर विक्रम सिंह के अनुसार, टीमें अलग-अलग स्थानों पर उनकी तलाश कर रही हैं। नेहा सिंह राठौर के खिलाफ कुर्सी रोड स्थित वुडलैंड पैराडाइज अपार्टमेंट निवासी अभय प्रताप सिंह ने हजरतगंज कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया था। साथ ही रानीगंज निवासी सौरव, दुर्विजयगंज निवासी हिमांशु वर्मा और दुगांवा निवासी अर्जुन गुप्ता ने भी तहरीर दी थी। पुलिस जांच के दौरान इन तहरीरों को भी एफआईआर में शामिल कर लिया गया था।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button