मध्य प्रदेश में पहली बार होगी ट्रांसजेंडर पुलिस कॉन्स्टेबल की भर्ती, 22 अक्टूबर तक कर सकते हैं आवेदन

भोपाल/एजेंसी। मध्य प्रदेश पुलिस इस बार ट्रांसजेंडरों को भी आरक्षक बनने का मौका देने जा रही है। इसके लिए कर्मचारी चयन मंडल की ओर से आयोजित आरक्षक भर्ती परीक्षा की अधिसूचना में बदलाव किया गया है। बुधवार देर शाम जारी अधिसूचना में पुरुष, महिला के साथ अन्य लिंग का विकल्प बनाया गया है।
उनके लिए आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ाकर 22 अक्टूबर कर दिया गया है। अभी तक आवेदन की अंतिम तिथि छह अक्टूबर तय थी। सर्वोच्च न्यायालय ने 2014 में राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण बनाम भारत संघ मामले में फैसला सुनाते हुए ट्रांसजेंडर को तीसरे लिंग के रूप में मान्यता देते हुए सरकारी सेवाओं में भर्ती का रास्ता खोला था। कई दूसरी सेवाओं में उनको अन्य पिछड़ा वर्ग के आरक्षण का लाभ देते हुए अवसर बनाए भी गए, लेकिन पुलिस भर्ती में अभी तक इसे लागू नहीं किया जा सका था। 2023 में हुई पुलिस आरक्षक भर्ती परीक्षा में भी ट्रांसजेंडर के लिए कोई विकल्प नहीं था। इस बार सरकार ने सर्वोच्च न्यायालय का फैसला लागू करने का फैसला किया है।
उसके बाद पूरी हो चुकी आवेदन प्रक्रिया को फिर से शुरू करने का फैसला हुआ। कर्मचारी चयन मंडल ने बुधवार शाम अधिसूचना में संशोधन किया। इसमें आवेदन प्रक्रिया में लिंग कालम में पुरुष, महिला के अलावा एक अन्य विकल्प जोड़ने की जानकारी दी गई। कहा गया कि इसके लिए आवेदन 16 अक्टूबर से शुरू होकर 22 अक्टूबर तक चलेंगे।
23 अक्टूबर तक आवेदन पत्र में संशोधन किए जा सकेंगे। वहीं 29 अक्टूबर तक प्रमाणपत्र अपलोड किया जा सकेगा। पुलिस आरक्षक भर्ती परीक्षा के जरिए 7500 पदों पर भर्ती की तैयारी है। इसमें भर्ती की न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता 10वीं पास है। 18 से 33 वर्ष तक की आयु के लोग आवेदन कर सकेंगे। प्रदेश पुलिस में अभी कोई ट्रांसजेंडर नहीं प्रदेश पुलिस में अभी कोई ट्रांसजेंडर मौजूद नहीं है। हां पुलिस ने दो महिला कर्मियों को लिंग परिवर्तन कर पुरुष बनने की अनुमति जरूर दी है। अधिकारियों का कहना है कि चालू भर्ती प्रक्रिया में सफल होकर कोई ट्रांसजेंडर आता है तो वह प्रदेश पुलिस में अपने समुदाय का पहला व्यक्ति होगा।
देश के दूसरे राज्यों के पुलिस बलों में ट्रांसजेंडर की भर्ती पहले ही शुरू हो चुकी है। तमिल नाडु ने 2017 में ही पहली सब इंस्पेक्टर की नियुक्ति कर दी थी। 2022 में छत्तीसगढ़ में 13 ट्रांसजेंडर आरक्षकों की भर्ती हुई। इसके लिए पुलिस ने विशेष तैयारी का अवसर भी दिया था। बिहार, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश भी भर्ती कर चुके हैं। वहीं ओडिशा, कर्नाटक, बंगाल, महाराष्ट्र की भर्ती प्रक्रिया में ट्रांसजेंडरों को मौका मिला है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button