गैरकानूनी सट्टेबाजी को लेकर ईडी की ताबड़तोड़ कार्रवाई, कर्नाटक के विधायक के ठिकानों पर मारे छापे

नई दिल्ली/एजेंसी। कर्नाटक कांग्रेस के विधायक केसी वीरेंद्र ‘पप्पी’, उनके भाई और कुछ अन्य लोगों के खिलाफ एक गैरकानूनी सट्टेबाजी से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने कई राज्यों में छापे मारे हैं।
50 वर्षीय वीरेंद्र चित्रदुर्ग विधानसभा क्षेत्र से विधायक हैं। शुक्रवार को ईडी की कार्रवाई पर विधायक की ओर से कोई तत्काल प्रतिक्रिया नहीं आई। चित्रदुर्ग जिले, बेंगलुरु और हुब्बली के साथ-साथ जोधपुर (राजस्थान), मुंबई और गोवा में कम से कम 30 स्थानों पर मनी लॉन्ड्रिंग रोकथाम अधिनियम (पीएमएलए) के तहत छापे मारे गए।
गोवा में पप्पी के कैसिनो गोल्ड, ओशन रिवर्स कैसिनो, पप्पी के कैसिनो प्राइड, ओशन 7 कैसिनो और बिग डैडी कैसिनो नामक पांच कैसिनो पर भी छापे मारे गए। ईडी के सूत्रों के अनुसार ये छापे गैरकानूनी आनलाइन और ऑफलाइन सट्टेबाजी से संबंधित मामले में मारे जा रहे हैं।
वीरेंद्र पर किंग567, राजा567, पप्पी के003, रत्ना गेमिंग आदि ऑनलाइन सट्टेबाजी साइटों के संचालन का आरोप है, जबकि उनके भाई केसी थिप्पेस्वामी पर दुबई से डायमंड साफ्टेक, टीआरएस टेक्नोलॉजीज और प्राइम9 टेक्नोलॉजीज नामक तीन व्यावसायिक संस्थाओं का ‘संचालन’ का आरोप है।
नेता के परिसर पर भी पड़ा छापा
ये संस्थाएं वीरेंद्र की कॉल सेंटर सेवाओं और गेमिंग व्यवसाय से संबंधित हैं। बेंगलुरु में एक व्यक्ति अनिल गौड़ा के परिसर पर भी छापा मारा गया, जो कुसुमा एच के भाई हैं, जिन्होंने कांग्रेस टिकट पर राजराजेश्वरीनगर विधानसभा सीट पर चुनाव लड़ा था लेकिन असफल रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button