सपा सांसद इकरा हसन को शादी का प्रस्ताव देने वाले योगेंद्र राणा पर दूसरा मुकदमा दर्ज

Second case filed against Yogendra Rana who proposed marriage to SP MP Iqra Hasan

मुरादाबाद/उत्तर प्रदेश। समाजवादी पार्टी की सांसद इकरा हसन पर अमर्यादित टिप्पणी कर विवादों में आए करणी सेना के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष योगेंद्र सिंह राणा एक बार फिर कानूनी पचड़े में फंस गए हैं। मुरादाबाद के कटघर थाना क्षेत्र निवासी एक व्यक्ति ने राणा पर प्रॉपर्टी के नाम पर 9 लाख रुपये हड़पने और जान से मारने की धमकी देने का गंभीर आरोप लगाया है। यह बीते एक हफ्ते में उनके खिलाफ दर्ज हुआ दूसरा मुकदमा है। पीड़ित सुमित कुमार ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वर्ष 2014 में योगेंद्र राणा ने उसे प्रॉपर्टी कारोबार में पार्टनर बनाने का झांसा देकर 9 लाख रुपये लिए थे। कुछ समय बाद केवल 2 लाख रुपये लौटाए गए, जबकि बाकी 7 लाख अब तक नहीं दिए। बार-बार पैसे मांगने पर राणा न सिर्फ टालते रहे बल्कि आक्रामक भी हो गए।
सुमित का आरोप है कि 1 जून 2024 को भाजपा कार्यालय बुद्धि विहार के बाहर जब उसने एक बार फिर अपनी रकम मांगी तो योगेंद्र राणा ने उसे गालियां दीं और लाइसेंसी रिवॉल्वर दिखाकर गोली मारने की धमकी दी। पीड़ित के मुताबिक, राणा राजनीतिक रसूख और दबंगई के दम पर आम लोगों को धमकाने का काम करते हैं। कटघर थाने के प्रभारी संजय कुमार सिंह ने पुष्टि की कि पीड़ित की शिकायत के आधार पर योगेंद्र राणा के खिलाफ धोखाधड़ी, धमकी और अमर्यादित व्यवहार का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
गौरतलब है कि हाल ही में योगेंद्र राणा ने सपा सांसद इकरा हसन के खिलाफ बेहद आपत्तिजनक टिप्पणी की थी। उन्होंने कहा था कि मुझे इकरा हसन से निकाह कबूल है, वो भी कबूल करें। वो मेरे घर मुस्लिम बनकर रह सकती हैं, लेकिन शर्त ये है कि ओवैसी बंधु मुझे जीजा कहकर बुलाएं। इस बयान के बाद मुरादाबाद की एक महिला अधिवक्ता ने मझोला थाने में राणा के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई थी। अब लगातार दो मामलों में नाम आने से योगेंद्र राणा की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button