लेह में बड़ा हादसा, सेना के वाहन पर गिरा पत्थर, लेफ्टिनेंट कर्नल समेत 2 जवान शहीद, 3 अफसर घायल
Major accident in Leh, stone fell on army vehicle, 2 soldiers including Lieutenant Colonel martyred, 3 officers injured

लेह। लेह में बुधवार को एक दर्दनाक दुर्घटना हुई है। इसमें भारतीय सेना के एक वाहन पर बड़ा पत्थर गिर गया। इसके नीचे दबने से सेना के एक लेफ्टिनेंट कर्नल समेत दो जवान शहीद हो गए। वहीं दो मेजर रेंक के अफसर और एक कैप्टन घायल हो गए हैं। यह वाहन सेना के काफिले में शामिल था। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। यहां पर उनका इलाज चल रहा है।
जानकारी के अनुसार, गलवान के चारबाग इलाके में यह हादसा हुआ है। सेना के वाहन पर पत्थर गिरने से हादसा हुआ है। सेना का काफिला दुरबुक से चोंगताश जा रहा था। तभी एक सैन्य वाहन पत्थर की चपेट में आ गया। सेना के अधिकारियों ने बताया कि शहीदों की पहचान लेफ्टिनेंट कर्नल भानु प्रताप सिंह और लांस दफादार दलजीत सिंह के रूप में हुई है।
इसके अलावा घायलों की पहचान मेजर मयंक शुभम, मेजर अमित दीक्षित और कैप्टन गौरव के रूप में हुई है। अधिकारियों ने बताया कि काफिला दुरबुक और चोंगटास के बीच खड़ी ढलानों और नाजुक भूभाग वाले संकरे रास्ते से गुजर रहा था। यह काफिला 60 आर्मर्ड रेजिमेंट के नियमित प्रशिक्षण अभियान का हिस्सा था।
उधर, घटना की जानकारी मिलते ही अतिरिक्त टीमों मौके पर पहुंच गई। घायलों को बाहर निकाल कर हवाई मार्ग से अस्पताल में रेफर किया गया। सेना ने इस घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है। सेना के प्रवक्ता ने कहा कि यह एक दुर्भाग्यपूर्ण घटना है। हम शहीद हुए जवानों के परिवारों के साथ हैं।




