तीस हजारी कोर्ट में कैदी के साथ कुकर्म, जेल प्रशासन पर लापरवाही के आरोप
Prisoner raped in Tis Hazari court, jail administration accused of negligence

नई दिल्ली। हत्या के प्रयास के मामले में तिहाड़ जेल में बंद एक कैदी के साथ एक अन्य कैदी ने ही तीस हजारी कोर्ट में कुकर्म कर दिया। दोनों को पेशी के लिए कोर्ट में लाया गया था। यहां कोर्ट के खारजा स्थित शौचालय में ले जाकर आरोपित ने वारदात को अंजाम दिया। किसी को कुछ भी बताने पर जान से मारने की धमकी दी गई। पीड़ित वापस जेल पहुंचा तो उसने अपने साथियों को आपबीती सुनाई। इसके बाद जेल प्रशासन को सूचना देकर पीड़ित को इलाज के लिए डीडीयू अस्पताल में भर्ती कराया गया। बाद में उसका बयान लेकर पुलिस ने सब्जी मंडी थाने में कुकर्म का मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस के मुताबिक, मूलरूप से अलीगढ़ यूपी का रहने वाला युवक निहाल विहार इलाके में रहता है। मार्च महीने में इलाके में ही एक हत्या के प्रयास के मामले में पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर तिहाड़ जेल भेजा था। फिलहाल युवक जेल नंबर-4 में बंद है। पांच अप्रैल को इसी केस की पेशी थी।
पीड़ित ने बताया कि जब उसे जेल से वैन में बिठाया जा रहा था तो जेल नंबर-3 में बंद एक कैदी ने उस पर अभद्र टिप्पणी की। इसके बाद सभी कैदियों को तीस हजारी कोर्ट के खारजा नंबर-4 में लाकर बंद कर दिया गया।
आरोप है कि बात करने के बहाने आरोपित कैदी पीड़ित को खारजा के शौचालय में ले गया और वहां वारदात को अंजाम दिया। पीड़ित ने बताया कि आरोपी का जेल में दबदबा है। इसलिए उसने शिकायत नहीं की, लेकिन जेल पहुंचने पर उसने साथियों को बताया। इसके बाद जेल प्रशासन को खबर मिली। पीड़ित को इलाज के लिए डीडीयू अस्पताल ले जाया गया, जहां उसके साथ कुकर्म की पुष्टि हुई। अब पुलिस मामला दर्ज कर छानबीन कर रही है।




