राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दिखाया बाहर का रास्ता, रिफ्यूजियों की पसंदीदा जगह बना मेक्सिको
President Donald Trump shows the way out, Mexico becomes the favorite place for refugees

मेक्सिको सिटी। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की ओर से अवैध रूप से रहने वाले प्रवासियों के खिलाफ सख्ती के बाद शरण चाहने वाले अब अपना ठिकाना मेक्सिको को बना रहे हैं। शरण चाहने वाली एंजेलिका डेलगाडो ने कहा कि दिसंबर में क्यूबा से जब मेक्सिको के लिए उड़ान भरी थी, तो अमेरिका में शरण मांगने के लिए तैयार थी, लेकिन अमेरिकी दरवाजा बंद होने के बाद अब वह मेक्सिको में सुरक्षा मांगेगी।
23 वर्षीय एंजेलिका डेलगाडो ने कहा कि उसने अपनी योजनाओं को बदलने का फैसला किया है। लगभग सभी क्यूबावासियों की तरह मेरा मकसद अमेरिका जाना था। रुकना योजना में नहीं था, लेकिन अब वास्तविकता का सामना करना होगा। डेलगाडो क्यूबा, वेनेजुएला, हैती, अफगानिस्तान और अन्य देशों के सैकड़ों प्रवासियों में से एक हैं जो पिछले महीने ट्रंप की ओर से शरण तक पहुंच को कम करने और सीमा का सैन्यीकरण करने के कार्यकारी आदेशों के बाद मेक्सिको सिटी में शरणार्थी एजेंसी के बाहर इकट्ठा हुए थे। वे सभी अमेरिका पहुंचने की महत्वाकांक्षाओं को अभी त्याग रहे हैं और मेक्सिको में शरण पाने पर ध्यान केंद्रित कर रहे हैं।
एक अंतरराष्ट्रीय अधिकारी के अनुसार, जनवरी में मेक्सिको में शरण के लिए आवेदन करने वाले प्रवासी पिछले वर्ष के मासिक औसत की तुलना में तीन गुना से अधिक हो गए। हालांकि, मेक्सिको की शरणार्थी एजेंसी ने अब तक जनवरी के आंकड़े प्रकाशित नहीं किए हैं। शरणार्थी सहायता के लिए मेक्सिकन आयोग के पूर्व निदेशक एंड्रेस रामिरेज ने कहा कि ट्रंप की नीतियां लोगों को मेक्सिको में अंतरराष्ट्रीय सुरक्षा की तलाश करने को मजबूर कर रहे हैं।




