ताजमहल में भगवा फहराने जा रही महिला को पुलिस ने रोका
Police stopped a woman who was going to hoist saffron flag at Taj Mahal

आगरा/उत्तर प्रदेश। बम बम भोले का नारा लगाती हुई एक महिला ने उस समय पुलिस के हाथ पांव फुला दिए जब वह अपने हाथ में भगवा ध्वज लेकर ताजमहल में प्रवेश करने लगी। ये देख वहां तैनात पुलिसकर्मियों ने उसे रोक लिया। महिला चिल्लाते हुए कही कि जब ताजमहल में चादर चढ़ाई जा सकती है तो भगवा क्यों नहीं फहराया जा सकता है। आखिरकार ये तेजोमहालय है भगवान शिव का मंदिर। भगवान शिव का जयकारा लगाते हुए महिला पुलिसकर्मियों से छूटने की कोशिश करती रही। पुलिसकर्मियों ने महिला को कस्टडी में ले लिया है। महिला एक हिंदुत्व वादी संगठन से जुड़ी हुई है। इससे पहले भी उक्त ने ताजमहल परिसर में भगवा ध्वज फहराया था।ताजमहल या तेजो महालय इस मुद्दे पर आगरा की न्यायालय में वाद दाखिल है, लेकिन इसके बावजूद भी हिंदुत्ववादी संगठन ताजमहल में पूजा अर्चना और भगवान ध्वज फहराने को लेकर आजमाइश करते रहते हैं। इसी कोशिश में मंगलवार को भी हिंदुत्ववादी संगठन की कार्यकत्री मीरा राठौर ताजमहल के पश्चिमी गेट पर पहुंच गई, उसके हाथ में भगवा रंग ध्वज था। इसे लेकर वह ताजमहल के भीतर प्रवेश करना चाहती थी। मीरा राठौर को ताज सुरक्षा पुलिस ने मौके पर हिरासत में ले लिया। अब वह थाना ताजगंज पुलिस कस्टडी में रखी गई है।
ताजमहल में 26 जनवरी से मुगल बादशाह शाहजहां का उर्स मनाया जा रहा है। शाहजहां का ये 370वां उर्स है। तीन दिवसीय उर्स के आखिरी दिन मंगलवार को ताजमहल में शाहजहां और मुमताज की कब्र पर चादर पोशी की गई। इधर उर्स के विरोध में अखिल भारत हिंदू महासभा के लोग लगातार तीन दिन से विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं।
चादरपोशी की रस्म अदायगी के बाद हिंदूत्ववादी संगठन के लोगों की भीड़ ताजमहल के पश्चिमी गेट पर पहुंच गई। भीड़ में सबसे आगे महिला कार्यकत्री मीरा राठौर चल रही थी, उसके हाथ में भगवा ध्वज था। मीरा राठौर का कहना है कि ताजमहल में उर्स मनाने की परमिशन दी जाती है, लेकिन वह लगातार भगवा फहराने और भगवान शिव की चालीसा करने के लिए परमिशन मांग रहे हैं।
थाना ताजगंज क्षेत्र की रहने वाली मीरा राठौर इससे पूर्व ताजमहल परिसर के ऊपर भगवा ध्वज फहरा चुकी है, उस दौरान मीरा को सीआईएसएफ ने पकड़कर पुलिस की हिरासत में भेज दिया था। हालांकि उसके खिलाफ किसी तरह की कोई कानूनी कार्रवाई नहीं की गई। मीरा राठौर के बारे में बताया गया कि उनका दिमागी संतुलन ठीक नहीं है। जबकि उसके परिवार के लोगों का कहना है कि मीरा राठौर मानसिक तौर पर बिल्कुल स्वस्थ है।




